पापा मुझे ले जाओ, यह लोग मार डालेंगे…’ बेटी के फोन पर ससुराल पहुंचा पिता तो मिली लाश

ग्वालियर में शादी के एक साल बाद ही एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई. मरने से महज 20 मिनट पहले पलक रजक ने पिता को फोन कर कहा था- ‘पापा मुझे यहां से ले जाओ. यह लोग मुझे मार डालेंगे.’ पिता-पुत्री की बात खत्म होते ही दामाद का फोन आया कि पलक ने फांसी लगा ली है. जब मायके वाले पहुंचे तो पलक की मौत हो चुकी थी. परिजनों का आरोप है कि गले, पैर और शरीर पर चोट के निशान थे. वह इसे दहेज हत्या बता रहा है. जबकि ससुराल पक्ष आत्महत्या कह रहा है. घटना सुरैयापुरा की है. पुलिस घटना की जांच में जुट गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

पापा मुझे यहां से ले जाओ, ये लोग मारा डालेंगे’

पलक ने फोन पर पिता से कहा था – ‘पापा मुझे यहां से ले जाओ. ससुराल वाले कार और सोने की चेन मांगते हैं. तीन दिन से खाना नहीं खाया. यह लोग मुझे मार डालेंगे.’लेकिन जब तक पिता घर पहुंचते सब कुछ खत्म हो चुका था. जानकारी के मुताबिक पिंटो पार्क निवासी मोहन सिंह रजक की बेटी पलक की शादी अप्रैल 2025 में सुरैयापुरा निवासी अमित रजक से हुई थी. परिजनों का आरोप है कि शादी में काफी सामान देने के बावजूद ससुराल पक्ष लगातार कार और सोने की चेन की मांग कर रहा था. परिवार का कहना है कि इसी बात को लेकर पलक को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था.

कई दिनों से खाना नहीं मिला’

 मायके पक्ष के अनुसार घटना वाली रात पलक ने अपने पिता को फोन कर बताया कि घर में उससे कोई बात नहीं करता, उसे कई दिनों से ठीक से खाना तक नहीं मिला और उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है. पिता ने बेटी को जल्द लेने आने की बात कही, लेकिन कुछ ही देर बाद ससुराल से फोन आया कि पलक ने फांसी लगा ली है. जब परिजन मौके पर पहुंचे तो पलक की मौत हो चुकी थी. परिवार ने शरीर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई. घटना से नाराज परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया. उनका कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए.

शादी के एक साल में मौत

 वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि पलक ने कमरे में खुद को बंद कर लिया था और बाद में वह फंदे पर लटकी मिली. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर जांच शुरू कर दी है. चूंकि विवाह को एक साल भी पूरा नहीं हुआ था, इसलिए मामले को गंभीरता से देखा जा रहा है. अब पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. सीएसपी रॉबिन जैन ने बताया कि नवविवाहिता की मौत के मामले में मायके पक्ष द्वारा गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पोस्टमार्टम, फॉरेंसिक जांच और परिजनों के बयान के आधार पर पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *