टीचर से बोला झूठ, बस में बैठी और फिर…ऐसे मिली एयरफोर्स अफसर की लापता बेटी 

ग्वालियर में एयरफोर्स अधिकारी की 12 वर्षीय बेटी स्कूल से अचानक लापता हो गई, जिससे परिवार और स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया. छात्रा ने टीचर को झूठ बोलकर स्कूल से बाहर जाने की अनुमति ली और अपनी बस की बजाय दूसरी स्कूल बस में बैठकर निकल गई. मामला सामने आते ही महाराजपुरा थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और लोकेशन ट्रेसिंग के आधार पर महज चार घंटे में करीब 7 किलोमीटर दूर जहांगीरपुर हाईवे से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि छात्रा स्कूल से अकेले क्यों निकली और इसके पीछे क्या वजह थी.

दरअसल मामला ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र के स्कूल का है, जहां सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली 12 साल की छात्रा छुट्टी के बाद अपनी स्कूल बस में बैठने के बजाय दूसरी बस में सवार होकर बाहर निकल गई. उसने टीचर से कहा कि उसके माता-पिता सूर्य मंदिर गए हैं और वह भी वहीं जा रही है. जब टीचर ने परिजनों से संपर्क करने के लिए मोबाइल नंबर मांगा, तो छात्रा ने गलत नंबर लिख दिया.

कॉल करने पर सच्चाई सामने आई और तुरंत स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी.सूचना मिलते ही महाराजपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. जांच के दौरान छात्रा का बैग जड़ेरुआ बांध के पास मिला,जिससे पुलिस ने तलाशी का दायरा बढ़ाया.  लगातार लोकेशन ट्रेस और सीसीटीवी के आधार पर पुलिस टीम ने करीब चार घंटे की तलाश के बाद महाराजपुरा क्षेत्र के जहांगीरपुर हाईवे से छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया .पुलिस के अनुसार छात्रा सुरक्षित है और उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया है. समय रहते स्कूल प्रबंधन द्वारा सूचना देने और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित तलाश लिया. फिलहाल पुलिस यह भी पता लगा रही है कि छात्रा स्कूल से अकेले क्यों निकली और उसके पीछे क्या वजह थी.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *