ग्वालियर चेंबर चुनाव में बड़ा उलटफेर: निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने 617 वोटों से पारस जैन को हराया, लगातार दूसरी बार बने अध्यक्ष

ग्वालियर। ग्वालियर एमपी चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चुनाव में इस बार सिर्फ मतदान नहीं हुआ, बल्कि कई वर्षों से चली आ रही सियासी तस्वीर भी बदल गई। व्हाइट हाउस और क्रिएटिव हाउस के बीच मुकाबले में सबसे बड़ा उलटफेर अध्यक्ष पद पर देखने को मिला। व्हाइट हाउस से टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय मैदान में उतरे डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने व्हाइट हाउस के प्रत्याशी पारस जैन को 617 वोटों के बड़े अंतर से हराकर लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया।

एमपी चेंबर चुनाव में इस बार रिकॉर्ड 92.43 प्रतिशत मतदान हुआ। कुल 3430 मतदाताओं में से 3189 व्यापारियों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। 6 प्रमुख पदों के लिए 12 उम्मीदवार और कार्यकारिणी के 53 पदों के लिए 150 प्रत्याशी मैदान में थे। पांच प्रमुख पदों पर व्हाइट हाउस और क्रिएटिव हाउस के बीच सीधा मुकाबला रहा, जबकि संयुक्त अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय संघर्ष देखने को मिला।

देर रात घोषित परिणामों में व्हाइट हाउस ने तीन पदों पर जीत दर्ज की, क्रिएटिव हाउस ने दो पद अपने नाम किए, जबकि अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी डॉ प्रवीण अग्रवाल ने जीत हासिल कर सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। मानसेवी सचिव पद पर व्हाइट हाउस के दीपक अग्रवाल ने क्रिएटिव हाउस के डॉ राकेश अग्रवाल को 839 मतों से हराकर लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की।

जीत के बाद डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने इसे पूरे व्यापारी समाज की जीत बताया। उन्होंने कहा कि चेंबर में कुछ परिवारों की तानाशाही और मनमानी के खिलाफ व्यापारियों ने अपना फैसला सुनाया है। वहीं मानसेवी सचिव बने दीपक अग्रवाल ने भरोसा दिलाया कि वे छोटे और बड़े सभी व्यापारियों को साथ लेकर चलेंगे और जरूरत पड़ने पर  सरकार के सामने भी उनकी आवाज मजबूती से उठाएंगे।
बहरहाल पिछले चुनाव में हुए विवाद को देखते हुए इस बार प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल ले जाने पर पूरी तरह रोक रही। मतदाता वोट डालने के बाद ही अपना मोबाइल वापस ले सके,शांतिपूर्ण मतदान और रिकॉर्ड वोटिंग के बीच संपन्न हुआ यह चुनाव अब ग्वालियर-चंबल के व्यापारिक संगठन की नई दिशा तय करेगा।यही वजह रही कि देर रात परिणाम सामने आने के बाद जमकर आतिशबाजी की गई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *