लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और आरोप लगाया कि कांग्रेस अब पाकिस्तानी प्रपंच से चलने लगी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अब मुद्दों के लिए पाकिस्तान पर निर्भर हो चुका है और हालात ऐसे हो गए हैं कि कांग्रेस पार्टी को वहां के नैरेटिव ढोने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पाक के बयान और यहां विरोध करने वालों के बयान एक जैसे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें अपने देश के रक्षा मंत्री और विदेश मंत्री पर भरोसा नहीं है लेकिन उन लोगों पर है।
पीएम मोदी ने कहा कि देश देख रहा है कि भारत तेजी से आत्मनिर्भर हो रहा है और देश ये भी देख रहा है कि कांग्रेस मुद्दों के लिए पाकिस्तान पर निर्भर होता जा रहा है। दुर्भाग्य से कांग्रेस और उसके सहयोगी पाकिस्तान के प्रपंच के प्रवक्ता बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पाक के मुद्दे इंपोर्ट कर रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरा देश कांग्रेस पर हंस रहा है।
सेनाओं के मनोबल को कमजोर करने के खेल भी खेले
पीएम ने कहा कि आज के दौर में सूचना और नैरेटिव की बड़ी भूमिका है। नैरेटिव गढ़कर एआई का भरपूर उपयोग करके सेनाओं के मनोबल को कमजोर करने के खेल भी खेले जाते हैं। उन्होंने विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि जनता में अविश्वास पैदा करने के भी भरपूर प्रयास हुए। दुर्भाग्य से कांग्रेस और उसके सहयोगी पाकिस्तान के ऐसे ही प्रपंच के प्रवक्ता बन चुके हैं। देश की सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक की, सफलतापूर्वक सर्जिकल स्ट्राइक की तो तुरंत कांग्रेस वालों ने सेना से सबूत मांगे थे लेकिन जब उन्होंने देश का मिजाज देखा, तो सुर बदलने लगे और कहने लगे कि हमने भी की थी।
तब कुछ लोग कह रहे थे, अब मोदी फंस गया
पीएम ने कहा कि तब एक ने कहा तीन सर्जिकल स्ट्राइक की थी, दूसरे ने कहा छह, तीसरे ने कहा 15 सर्जिकल स्ट्राइक की बात की। जो जितना बड़ा नेता था, उसकी उतना बड़ी संख्या थी। बालाकोट में सेना ने एयर स्ट्राइक की, उसमें उन्होंने समझदारी दिखाई, लेकिन फोटो मांगने लगे। इतना ही नहीं, जब पायलट अभिनंदन पकड़े गए, पाकिस्तान में खुशी का माहौल स्वाभाविक था लेकिन यहां पर भी कुछ लोग थे, जो कह रहे थे अब मोदी फंस गया। अब अभिनंदन को मोदी लाकर दिखाए। लोग कह रहे थे कि अब देखते हैं मोदी क्या करता है। लेकिन डंके की चोट पर अभिनंदन वापस आए। हम अभिनंदन को ले आए, तब इनको लगा कि यार नसीब वाला आदमी है।
![]()