पहले बल्ले से मारा फिर चाकू…’ छत पर मेड की लाश और पास में बैठा डॉक्टर, दिल्ली में सनसनीखेज वारदात

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के काफी पॉश इलाके कैलाश हिल्स में बुधवार को एक महिला की हत्या से हड़कंप मच गया. मृतका की पहचान 45 साल की मीना के रूप में हुई है, जो घरों में मेड तौर पर काम करती थी. पुलिस ने इस मामले में एक डॉक्टर को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है.

‘खून में सनी है महिला, पास में बैठा डॉक्टर

गुरुवार सुबह करीब 11:36 बजे अमर कॉलोनी थाने में पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि माउंट कैलाश इलाके में एक मकान की छत पर एक महिला खून से लथपथ हालत में पड़ी है. सूचना मिलते ही एसीपी कालकाजी, एसएचओ अमर कॉलोनी और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची.

जांच के दौरान पुलिस को छत पर महिला का शव मिला. मौके पर आरोपी व्यक्ति भी मौजूद था, जिसकी पहचान 50 साल से अधिक उम्र के एक डॉक्टर के रूप में हुई. पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में महिला पर पहले बैट से हमला करने और बाद में चाकू का इस्तेमाल करने की बात कबूली है.

खुद बोला- पहले बल्ला चलाया फिर चाकू

घटनास्थल से बैट और चाकू भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है. पुलिस ने आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.

फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह जानने का प्रयास कर रही है. शुरुआती जांच में दोनों के बीच किसी विवाद की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या के स्पष्ट कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
क्राइम टीम को घटनास्थल पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं. पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ हत्या के कारणों और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी. मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है. इस सनसनीखेज वारदात ने इलाके के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *