भरत तिवारी एनकाउंटर में CM सम्राट चौधरी को लेना पड़ा एक्शन, बैकफुट पर आई पुलिस

भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में घटनाक्रम तेजी से बदल रहा है. जिस मामले को लेकर कुछ दिन पहले तक पुलिस अपनी कार्रवाई को सही ठहरा रही थी, उसी मामले में अब हालात ऐसे बन गए हैं कि प्रशासन को लगातार सफाई देनी पड़ रही है. परिजनों के आरोप, लोगों में बढ़ता जनाक्रोश, सोशल मीडिया पर उठते सवाल और राजनीतिक दबाव के बीच आखिरकार सरकार को एक के बाद एक कई प्रशासनिक फैसले लेने पड़े हैं. 

भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर उठे विवाद के बीच सीएम सम्राट चौधरी के निर्देश के बाद जगदीशपुर के एसडीपीओ राजेश वर्मा को उनके पद से हटा दिया गया है. उन्हें अगले आदेश तक पुलिस मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है. उनकी जगह पंकज मिश्रा को नया एसडीपीओ बनाया गया है. यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले ही भरत तिवारी की मां आशा देवी के आवेदन पर एनकाउंटर में शामिल पुलिस अधिकारियों और जवानों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था. 

पहले एनकाउंटर, फिर सवाल और अब कार्रवाई

17 जून को भोजपुर के शाहपुर इलाके में हुई पुलिस एनकाउंटर में भरत भूषण तिवारी की मौत हो गई थी. लेकिन घटना के बाद से ही परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की कहानी पर सवाल उठाने शुरू कर दिए. भरत तिवारी की मां आशा देवी लगातार यह आरोप लगाती रही हैं कि उनके बेटे की मौत किसी मुठभेड़ में नहीं हुई, बल्कि पुलिस ने उसे घेरकर गोली मारी. मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब सोशल मीडिया पर भरत तिवारी के समर्थन में बड़ी संख्या में पोस्ट और वीडियो सामने आने लगे. देखते ही देखते यह मुद्दा भोजपुर से निकलकर पूरे बिहार में चर्चा का विषय बन गया.

मां की शिकायत पर दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा

मंगलवार को मामले में बड़ा मोड़ तब आया जब मृतक भरत तिवारी की मां आशा देवी के आवेदन पर पुलिस अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया. एफआईआर में जगदीशपुर के तत्कालीन एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा, शाहपुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष राजेश मालाकार और अन्य पुलिसकर्मियों को नामजद किया गया है. आशा देवी का आरोप है कि पुलिस टीम भरत तिवारी को अपने साथ जवइनियां गांव लेकर गई थी. वहां भरत ने फेसबुक लाइव के जरिए अपनी बात रखी और फिर हथियार छोड़कर आत्मसमर्पण कर दिया था. परिवार का दावा है कि आत्मसमर्पण के बाद भी उसे नहीं छोड़ा गया और कथित रूप से गोली मार दी गई. आवेदन में यह भी कहा गया है कि घटना के बाद भरत के पिता काशीनाथ तिवारी को पूरे दिन थाने में रखा गया और बाद में परिवार को मौत की सूचना दी गई. यह इस पूरे प्रकरण की चौथी एफआईआर बताई जा रही है, लेकिन पहली बार एनकाउंटर में शामिल पुलिस अधिकारियों और जवानों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है.

क्या दबाव में आया प्रशासन 

एफआईआर दर्ज होने के अगले ही दिन एसडीपीओ को हटाने का फैसला सामने आ गया. राजनीतिक गलियारों में इस कदम को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस की कार्रवाई पूरी तरह सही थी तो फिर इतने बड़े स्तर पर बदलाव और जांच की जरूरत क्यों पड़ी? वहीं दूसरी ओर सरकार का कहना है कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जा रहा है.

आज बिलौटी गांव में महापंचायत

भरत तिवारी के गांव बिलौटी में बुधवार को महापंचायत बुलाई गई है. कुंडेश्वर महादेव मंदिर के पास आयोजित होने वाली इस महापंचायत में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है. गांव के लोगों के अलावा भरत तिवारी के समर्थक, सामाजिक कार्यकर्ता और कई स्थानीय संगठन भी इसमें शामिल हो सकते हैं. प्रशासन की नजर भी इस महापंचायत पर टिकी हुई है, क्योंकि पिछले कुछ दिनों में यह मामला लगातार भावनात्मक और राजनीतिक रंग लेता गया है.

कौन थे भरत भूषण तिवारी?

28 वर्षीय भरत भूषण तिवारी भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड स्थित बिलौती गांव के रहने वाले थे. सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी पहचान थी. खासकर फेसबुक पर वह काफी सक्रिय रहते थे. ग्रामीण बताते हैं कि भरत सड़क, बिजली, पेयजल, बाढ़ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और सोन नदी के किनारे बसे गांवों की समस्याओं को लगातार उठाते थे. उनके समर्थकों का कहना है कि वह गरीबों और विस्थापित परिवारों की आवाज बन चुके थे. कई बार वह प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ भी खुलकर लिखते और वीडियो बनाते थे. हालांकि उनके आलोचक यह भी कहते हैं कि सोशल मीडिया पर उनकी भाषा कई बार बेहद आक्रामक हो जाती थी. यही वजह थी कि भरत समर्थकों और विरोधियों, दोनों के बीच चर्चा का विषय बने रहते थे.

मंत्रियों ने भी जारी किया बयान 

मामला बढ़ने के बाद सरकार की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई. मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि सरकार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने साफ कहा कि केवल घटना ही नहीं, बल्कि पुलिस की भूमिका की भी जांच होगी. साथ ही यह भी देखा जाएगा कि भरत तिवारी के पास कथित रूप से हथियार कहां से आया था. सरकार का कहना है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. भोजपुरी फिल्म जगत के चर्चित अभिनेता और गायक और एमएलसी पवन सिंह ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि भरत भूषण तिवारी समाज के लिए संघर्ष करने वाले जागरूक और संवेदनशील व्यक्ति थे. पवन सिंह ने कहा कि यदि वायरल वीडियो और सामने आ रही जानकारियां सही हैं तो पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और न्यायसंगत जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *