एनआईआरएफ रैंकिंग: आईआईटी मद्रास छठी बार नंबर वन टॉप 100 में

आईआईटी मद्रास लगातार छठे साल देश का सर्वश्रेष्ठ उच्च शिक्षण संस्थान बना है। सोमवार को शिक्षा मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी। मंत्रालय ने देश के 10,845 उच्च शिक्षण संस्थानों की रैकिंग जारी की है। इसके मुताबिक नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैकिंग फ्रेमवर्क 2024 में आईआईटी मद्रास ओवरऑल नंबर-1 रहा है।

बेंगलुरू का आईआईएससी भी लगातार छठे साल दूसरी रैंक कायम रखने में सफल रहा। टॉप-10 उच्च शिक्षण संस्थानों में 7 आईआईटी हैं। एम्स दिल्ली एक स्थान फिसलकर छठे तो जेएनयू 10वें स्थान पर बरकरार है। बीएचयू वाराणसी 11वें स्थान पर है। टॉप-100 स्थानों में 36 दक्षिणी राज्यों से हैं। इनमें भी सबसे ज्यादा 18 तमिलनाडु से हैं। ओवरऑल रैंकिंग के टॉप-100 इंस्टीट्यूट में दिल्ली के 7 संस्थान हैं। इनमें 5 टॉप-15 में हैं। जेएनयू दिल्ली सभी रैंकिंग में टॉप-10 में रहने वाला अकेला विश्वविद्यालय है।

कॉलेजों की रैंकिंग में दिल्ली यूनिवर्सिटी (डीयू) का हिंदू कॉलेज पहले नंबर पर है। जबकि बीते 7 साल से रैंक-1 हासिल कर रहा मिरांडा हाउस दूसरे स्थान पर खिसक गया है। टॉप-20 कॉलेज में 10 डीयू के हैं। टॉप-100 में डीयू के 27 हैं। इस बार ओवरऑल रैंकिंग के अलावा 15 विषयों में भी रैंक जारी हुई हैं।

मैनेजमेंट संस्थानों में झारखंड के 4 संस्थान टॉप 100 रैंकिंग में शामिल हैं। एक्सएलआरआई ने 9वां स्थान हासिल कर अपनी रैंकिंग बरकरार रखी है। वहीं आईआईएम रांची की रैंकिंग पिछले साल से बेहतर हुई है। संस्थान 24 वें से 17वें स्थान पर आ गया है। आईआईटी आईएसएम धनबाद को 46 वां व बीआईटी मेसरा को 90वां स्थान मिला है।

आईआईटी मद्रास इसलिए नंबर-1… 2023 में 435 पेटेंट

हमने जंजीबार में कैंपस खोला। दाखिले में पहली बार स्पोर्ट्स कोटा शुरू किया। इंक्यूबेटेड स्टार्टअप माइंडग्रोव सिक्योर आईओटी का डिजाइन व निर्माण शुरू किया, जो भारत का पहला कमर्शियल सिस्टम ऑन चिप है। 2023-24 में 435 पेटेंट हासिल हुए। 2024 में 378 पेटेंट आवेदन हो चुके हैं। 513 करोड़ रुपए का फंड जुटाया। 83% से अधिक छात्रों को संस्थागत प्लेसमेंट मिली। – प्रो. वी. कामकोटि, निदेशक, आईआईटी मद्रास

आईआईएम अहमदाबाद अव्वल, इस लिस्ट में आईआईटी दिल्ली व बॉम्बे भी

उच्च शिक्षण संस्थानों में जामिया मिलिया 13वें, दिल्ली यूनिवर्सिटी 15वें पायदान पर है। यह डीयू की 5 साल में सबसे अच्छी रैंक है। जामिया एक पायदान नीचे आया है।

टॉप-100 में जो संस्थान हैं, उनमें भी हर राज्य के उच्चतम रैंकिंग हासिल करने वाले इंस्टीट्यूट हैं। जैसे- राजस्थान का बीआईटी-पिलानी (23), गुजरात का आईआईटी-गांधीनगर (29), मध्य प्रदेश का आईआईटी-इंदौर (33), हिमाचल प्रदेश का आईआईटी-मंडी (72), बिहार का आईआईटी-पटना (73) आता है।

टॉप-100 में महाराष्ट्र के 11, यूपी के 8, कर्नाटक व बंगाल के 6-6, राजस्थान, तेलंगाना, केरल के 4-4, उत्तराखंड, असम, ओडिशा, आंध्र के 3-3 और बिहार, एमपी व हिमाचल के 2-2 और पुड्‌डुचेरी के 1 संस्थान को स्थान मिला है। हरियाणा व छत्तीसगढ़ के किसी भी संस्थान को टॉप-100 में स्थान नहीं मिला है।

मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट्स में आईआईएम अहमदाबाद लगातार पांचवें साल नंबर वन रहा है। दिलचस्प यह है कि टॉप-10 प्रबंधन संस्थानों में आईआईटी-दिल्ली व आईआईटी-बॉम्बे जैसे इंजीनियरिंग संस्थान शामिल हैं।

मेडिकल कॉलेजों की रैंकिंग में छह वर्षों से दिल्ली का एम्स, चंडीगढ़ का पीजीआई और वेल्लौर का सीएमसी पहले, दूसरे व तीसरे पायदान पर हैं।

आईआईटी धनबाद को 15वां, बीआईटी मेसरा को 48वां रैंक

एनआईआरएफ के टॉप 100 ओवरऑल कैटेगरी में आईआईटी धनबाद को 35 वां रैंक मिला है। पिछले साल संस्थान 42 वें स्थान पर था। वहीं टॉप 100 इंजीनियरिंग कॉलेजों में आईआईटी धनबाद को 15वां रैंक व बीआईटी मेसरा को 48वां रैंक मिला है। पिछले साल आईआईटी धनबाद को 17वां व बीआईटी मेसरा को 53 वां स्थान मिला था। टॉप 100 यूनिवर्सिटी कैटेगरी में बीआईटी मेसरा को 82वां रैंक प्राप्त हुआ है। टॉप 50 रिसर्च संस्थान में आईआईटी धनबाद को 22वां रैंक प्राप्त हुआ है।

मैनेजमेंट इंजीनियरिंग

फार्मेसी में बीआईटी की रैंकिंग घटी

फार्मेसी में भी बीआईटी मेसरा ने टॉप 100 में जगह बनाई है। लेकिन रैंकिंग गिरी है। संस्थान 28 वें स्थान से 32 वें पर पहुंच गया है। टॉप 40 आर्किटेक्चर व प्लानिंग में बीआईटी मेसरा को 20वां रैंक प्राप्त हुआ है। टॉप 40 लॉ संस्थान में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ, रांची (एनयूएसआरएल) को 22वां रैंक प्राप्त हुआ है। पिछले साल इसमें 24वां स्थान प्राप्त हुआ था।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *