गुजरात निकाय चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर अपना दबदबा साबित कर दिया है. राज्य की सभी 15 नगर निगम सीटों के नतीजे अब सामने आ चुके हैं और बीजेपी ने सभी नगर निगमों में जीत दर्ज करते हुए क्लीन स्वीप कर लिया है. अहमदाबाद नगर निगम में पार्टी ने 192 में से 158 सीटों पर कब्जा जमाकर शहरी राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ दिखाई. इस जीत के साथ बीजेपी ने साफ संकेत दे दिया है कि गुजरात में उसकी संगठनात्मक ताकत अब भी बेहद मजबूत बनी हुई है.
राजकोट में भी बीजेपी का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा, यहां की नगर निगम की 72 सीटों में से बीजेपी ने 65 सीटें जीत लीं, जबकि कांग्रेस को सिर्फ 7 सीटों से संतोष करना पड़ा. आम आदमी पार्टी यहां खाता तक नहीं खोल सकी. वहीं, राजकोट जिला पंचायत की 36 सीटों में बीजेपी ने 34 सीटें जीतकर विपक्ष को लगभग पूरी तरह से किनारे कर दिया.
तालुका पंचायतों में भी बीजेपी का दबदबा साफ देखने को मिला. धोराजी, जेतपुर, गोंडल, कोटड़ा सांगाणी, लोढिका, पडधरी, जसदण, विंछिया और जामकंडोरना समेत ज्यादातर पंचायतों में बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज की. उपलेटा में मुकाबला बेहद कांटे का रहा और नतीजा टाई पर खत्म हुआ. कुल मिलाकर बीजेपी ने 11 में से 10 तालुका पंचायतों में जीत हासिल की. सबसे बड़ी जीत गोंडल सिविक बॉडी में देखने को मिली, जहां बीजेपी ने सभी 44 सीटों पर कब्जा कर लिया. कांग्रेस और आम आदमी पार्टी यहां एक भी सीट नहीं जीत सकीं. पूरे राजकोट जिले में बीजेपी ने 202 में से 155 सीटें जीतकर अपनी मजबूत पकड़ और संगठनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया.
अहमदाबाद में बीजेपी ने 192 में से 158 सीटें जीतीं, सभी 15 निगमों में क्लीन स्वीप किया
बीजेपी ने अहमदाबाद नगर निगम में शानदार जीत हासिल की है. पार्टी ने 192 में से 158 सीटें जीतकर गुजरात के सबसे बड़े शहर में अपना दबदबा और मज़बूत किया है. इस जीत का पैमाना शहरी स्तर पर सत्ताधारी पार्टी के पक्ष में मिले निर्णायक जनादेश को दिखाता है.
इस नतीजे के साथ, बीजेपी ने अब राज्य के सभी 15 नगर निगमों में क्लीन स्वीप कर लिया है, जिससे पूरे गुजरात में स्थानीय निकायों में उसकी लगातार चुनावी ताकत साबित होती है.
बीजेपी ने सूरत में किया क्लीन स्वीप, AAP निकाय चुनावों में पूरी तरह साफ
बीजेपी ने सूरत नगर निगम में ज़बरदस्त जीत दर्ज की है. पार्टी ने 127 में से 115 सीटें जीतकर इस निकाय पर अपनी पुरानी पकड़ और मज़बूत कर ली है. आम आदमी पार्टी (AAP) सिर्फ़ 4 सीटें ही जीत पाई, जबकि कांग्रेस ने पांच साल बाद 1 सीट जीतकर अपना खाता खोला.
यह नतीजा AAP के लिए एक बड़ी गिरावट दिखाता है, जिसने पिछले चुनाव में 27 सीटें जीती थीं. पार्टी को कई बड़े झटके भी लगे. उसके प्रदेश महासचिव और निगम में विपक्ष के नेता, दोनों ही अपनी-अपनी सीटों से चुनाव हार गए.
बीजेपी ने ज़िला और तालुका पंचायतों में बनाई बढ़त
बीजेपी ग्रामीण स्थानीय निकायों में भी एक प्रमुख शक्ति के रूप में उभरी है. 1,090 सीटों वाली 34 ज़िला पंचायतों में पार्टी ने 568 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस को 77 और अन्य को 30 सीटें मिलीं.
5,234 सीटों वाली 260 तालुका पंचायतों में BJP ने 2,397 सीटें हासिल कीं. कांग्रेस ने 591 सीटें जीतीं, जबकि अन्य को 329 सीटें मिलीं.
बीजेपी ने सूरत में अपनी लगातार बढ़त का श्रेय मोदी-शाह की लीडरशिप को दिया
सूरत में मिली ज़बरदस्त जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए, CR पाटिल ने कहा कि भारत की बढ़ती वैश्विक ताकत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लीडरशिप को जाता है. उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भूमिका की ओर भी इशारा करते हुए कहा कि उनके निर्णायक कदमों ने उग्रवाद पर लगाम लगाई है और राष्ट्रीय सुरक्षा को मज़बूत किया है.
उन्होंने कहा कि BJP कार्यकर्ता हर स्तर पर केंद्र, राज्य और स्थानीय निकायों में मज़बूत शासन का प्रतिनिधित्व करते हैं, यही वजह है कि पार्टी पर जनता का भरोसा लगातार बना हुआ है.
सूरत में BJP के शानदार प्रदर्शन के बाद CR पाटिल ने मतदाताओं का जताया आभार
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री CR पाटिल ने सूरत नगर निगम में BJP की शानदार जीत के लिए गुजरात की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह जनादेश लोगों के निरंतर विश्वास को दर्शाता है. उन्होंने इस बात का भी ज़िक्र किया कि पार्टी पिछले लगभग 30 वर्षों से इस नगर निकाय में सत्ता में है और एक बार फिर उसने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है.
उन्होंने आगे कहा कि पार्टी अपने वादों को पूरा करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है, और उसका मुख्य ज़ोर समावेशी विकास तथा शासन-प्रशासन में किसी भी प्रकार के भेदभाव न होने पर है.
राजकोट में बीजेपी ने 72 में से 65 सीटें जीतकर किया क्लीन स्वीप
राजकोट नगर निगम के सभी 18 वार्डों में वोटों की गिनती पूरी हो गई है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी को निर्णायक जीत मिली है. पार्टी ने 72 में से 65 सीटें हासिल कीं, जिससे नगर निकाय में विपक्ष के लिए बहुत कम जगह बची है.
पूरे शहर में बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच जश्न का माहौल है. पार्टी नेताओं ने इस नतीजे को स्थानीय स्तर पर उनके शासन का ज़ोरदार समर्थन बताया है. वार्ड-वार प्रदर्शन के बारे में और जानकारी का इंतज़ार है.
15 में से 13 नगर निगम जीती बीजेपी
बीजेपी ने गुजरात के 15 में से 13 नगर निगम जीत लिए हैं. दो अन्य नगर निगम में भी बीजेपी बहुमत की ओर है. नगर निगम की कुल 1044 सीटों में से 732 पर बीजेपी को जीत मिली है. कांग्रेस 65 और अन्य 11 सीटें जीतने में सफल रही है. इसी तरह 84 नगर पालिका की कुल 2030 सीटों में से 1688 सीटों पर बीजेपी, 389 सीटों पर कांग्रेस और 138 सीटों पर अन्य विजयी रहे हैं. 34 जिला पंचायत की 1090 सीटों में से बीजेपी को 503, कांग्रेस को 68 और अन्य को 21 सीटों पर जीत मिली है. 260 तालुका पंचायत की 5234 सीटों में से बीजेपी को 1964, कांग्रेस को 468 और अन्य को 256 सीटों पर जीत मिली है.
सूरत में खुला आम आदमी पार्टी का खाता
सूरत नगर पालिका के चुनाव में आम आदमी पार्टी का खाता खुल गया है. सूरत के वार्ड नंबर 17 में आम आदमी पार्टी के पैनल की जीत हुई है.
तालुका और जिला पंचायत चुनाव में भी भगवा परचम
तालुका और जिला पंचायत चुनाव में भी बीजेपी का परचम लहराया है. तालुका की बात करें तो 260 तालुका पंचायत की कुल 5234 सीटों में से 2110 सीटों पर बीजेपी के उम्मीदवार जीते हैं. कांग्रेस को 338 और अन्य को 213 सीटों पर जीत मिली है. 34 जिला पंचायत की 1090 सीटों में से 503 सीटों पर बीजेपी के उम्मीदवार विजयी रहे हैं. वहीं, कांग्रेस को 68, अन्य को 21 सीटों पर जीत मिली है.
बीजेपी ने 11 नगर निगम में पार किया बहुमत का आंकड़ा
बीजेपी ने गुजरात के नगर निकाय चुनाव में प्रचंड जीत हासिल की है. बीजेपी सूबे के 15 में से 11 नगर निगमों में बहुमत का आंकड़ा पार कर चुकी है. पार्टी चार अन्य नगर निगम में भी बढ़त बनाए हुए है. नगर निगम की कुल 1044 सीटों में से 695 पर बीजेपी को जीत मिली है. कांग्रेस 61 सीटें जीतकर दूसरे नंबर पर है. अन्य के खाते में पांच सीटें आई हैं. इसी तरह नगरपालिका की बात करें तो कुल 2030 में से बीजेपी 1563, कांग्रेस 319 और अन्य को 183 सीटों पर जीत मिली है.
भरुच में एक वोट से जीता कांग्रेस उम्मीदवार
गुजरात पंचायत चुनाव में कई सीटों पर करीबी मुकाबले भी देखने को मिले. भरुच की पालेज तालुका पंचायत सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार को एक वोट के अंतर से विजयी घोषित किया गया.
राजू करपड़ा जिला पंचायत चुनाव जीते
बीजेपी के टिकट पर उतरे राजू करपड़ा जिला पंचायत चुनाव जीत गए हैं. राजू चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे. राजू करपड़ा सुरेंद्रनगर से जिला पंचायत के चुनाव में उतरे थे और जीत भी गए हैं.
रविंद्र जाडेजा की बहन को मिली शिकस्त
क्रिकेटर रविंद्र जाडेजा की बहन नयना बा भी चुनाव मैदान में उतरी थीं. राजकोट वॉर्ड नंबर 2 से कांग्रेस की उम्मीदवार नयना बा को राजकोट नगर निगम चुनाव में हार मिली.
सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने जीता चुनाव
गुजरात के जिला पंचायत चुनाव में वडोदरा से चर्चित सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अंकिता परमार जीत गई हैं. अंकिता बीजेपी के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरी थी. अंकिता परमार गुजरात बीजेपी युवा मोर्चा की उपाध्यक्ष भी हैं. पिछले चुनावों में वह तालुका पंचायत प्रमुख निर्वाचित हुई थीं. इस बार बीजेपी ने अंकिता को जिला पंचायत का टिकट दिया था.
जिला पंचायत चुनाव हारे पूर्व आईपीएस मनोज निनामा
पूर्व आईपीएस अधिकारी मनोज निनामा चुनाव हार गए हैं. मनोज निनामा जिला पंचायत चुनाव में उतरे थे.
वडोदरा नगर निगम में बीजेपी जीत की ओर
वडोदरा नगर निगम में भी बीजेपी जीत की ओर है. 76 सदस्यों वाले इस निगम सदन में बीजेपी 22 सीटें जीत चुकी है. कांग्रेस को तीन और निर्दलीय को एक सीट पर जीत मिली है. आम आदमी पार्टी का खाता भी नहीं खुल सका है.
जामनगर में बहुमत के करीब बीजेपी
जामनगर नगर निगम की स्ट्रेंथ 64 है. निगम सदन में बहुमत के लिए जादुई आंकड़ा 33 का है. अब तक घोषित नतीजों में बीजेपी 28 सीटें जीत चुकी है. बीजेपी बहुमत के करीब है.
गांधीनगर नगर निगम में बीजेपी को बहुमत
गांधीनगर नगर निगम में बीजेपी को बहुमत मिल गया है. गांधीनगर नगर निगम की 52 में से 28 सीटों पर बीजेपी को जीत मिली है. वहीं, चार सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार विजयी हुए हैं.
15 में से सात नगर निगम में बीजेपी को सत्ता
गुजरात के कुल 15 नगर निगम में से सात पर बीजेपी को जीत मिली है. यह सातों नगर निगम ऐसे हैं, जहां पहली बार चुनाव हुए थे. इनमें नडियाद, मेहसाणा, वापी, पोरबंदर, सुरेंद्रनगर, नवसारी, मोरबी नगर निगम शामिल हैं. इसी तरह से कुल 84 में से 19 नगरपालिका पर भी बीजेपी को जीत मिली है.
सूरत में AAP के प्रदेश महासचिव चुनाव हारे
गुजरात के निकाय चुनावों में सूरत नगरनिगम की 120 में से 23 पर बीजेपी लीड कर रही है. कांग्रेस का उम्मीदवार एक सीट पर आगे चल रहा है. आम आदमी पार्टी के प्रदेश महासचिव मनोज सोरठिया चुनाव हार गए हैं. आम आदमी पार्टी के सभी उम्मीदवार पीछे चल रहे हैं.
पूर्व विधायक भूपत भयाणी को AAP उम्मीदवार ने हराया
आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक भूपत भयाणी जिला पंचायत सदस्य का चुनाव हार गए हैं. भूपत भयाणी को आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार ने हरा दिया है. भूपत भयाणी बीजेपी के टिकट पर जिला पंचायत चुनाव में उतरे थे.
अहमदाबाद नगरनिगम की 54 सीटों पर बीजेपी आगे
अहमदाबाद नगरनिगम की कुल 192 सीटों के नतीजे आने हैं. इनमें से 54 सीटों पर बीजेपी के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं. वहीं, विपक्षी कांग्रेस 11 सीट पर बढ़त बनाए हुए है.
मेहसाणा की 52 में से 20 सीटों पर बीजेपी की जीत
मेहसाणा नगर निगम की 52 में से 20 सीटों पर कमल खिल गया है. मेहसाणा नगर निगम के वार्ड नंबर एक, छह, सात, 10 और 11 में बीजेपी के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है.
भुज में तीन सीटों पर जीती AIMIM
भुज नगर पालिका में असदुद्दीन ओवैसी की अगुवाई वाली ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) का खाता खुल गया है. भुज नगर पालिका में AIMIM के उम्मीदवारों को तीन सीटों पर जीत मिली है.
![]()