J-K: कुलगाम में आतंकियों ने दो गैर-कश्मीरी मजदूरों को मारी गोली, एक की मौत

जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम जिले के केल्लाम इलाके में शुक्रवार शाम(31 जुलाई) को आतंकियों ने दो गैर-कश्मीरी मजदूरों पर फायरिंग कर दी. इस हमले में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. अधिकारियों के अनुसार, आतंकियों ने केल्लाम इलाके में दो गैर-स्थानीय लोगों को निशाना बनाया. फायरिंग के तुरंत बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. इस हमले की  जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के सहयोगी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली है.

इस हमले में 24 वर्षीय दीपक रात्रे, पुत्र उमाशंकर रात्रे, निवासी छत्तीसगढ़ को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं 28 वर्षीय भोपिंदर, पुत्र दशरथ, निवासी छत्तीसगढ़ गंभीर रूप से घायल हैं. उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसी अनंतनाग रेफर किया गया है. जानकारी के अनुसार, यह हमला रात करीब 8:30 बजे हुआ. इस दौरान 3 से 4 राउंड फायरिंग की आवाजें सुनी गईं. घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावर आतंकियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है.
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हमले की कड़ी निंदा की है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि इस घटना के बाद उन्होंने डीजीपी नलिन प्रभात और सीनियर सुरक्षा अधिकारियों से बात की है. उपराज्यपाल ने सुरक्षा बलों को आतंकियों के खिलाफ अभियान तेज करने और उन्हें जल्द से जल्द मार गिराने के निर्देश दिए हैं.

पूरे इलाके की घेराबंदी

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है. घायल मजदूर को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मनोज सिन्हा ने मृतक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायल के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन और पूरा देश पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है.
यह हमला अनंतनाग शहर में हुए उस आतंकी हमले के दस दिन के भीतर हुआ है, जिसमें आतंकियों ने एक पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी.

पहले भी बनाया था निशाना

इससे पहले वर्ष 2024 में भी जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में आतंकियों ने दो गैर-स्थानीय मजदूरों की हत्या कर दी थी. 7 फरवरी 2024 को श्रीनगर के शहीद गंज इलाके में आतंकियों ने पंजाब के अमृतपाल सिंह और रोहित मसीह की गोली मारकर हत्या कर दी थी.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *