भाजपा ने राज्यसभा के लिए घोषित किए चार और उम्मीदवार, जानिए लिस्ट में

भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए बुधवार को चार उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया। इन नामों में केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, भाजपा के जनरल सेक्रेट्री विनोद तावड़े, रामराव वडकुते और माया चिंतामण ईवनाते हैं। भाजपा ने पहले आगामी राज्यसभा द्विवार्षिक चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, जिसमें छह राज्यों में नौ नाम तय किए गए थे।

पहली बार राज्यसभा जाएंगे विनोद तावड़े

भाजपा द्वारा बुधवार को जारी लिस्ट के मुताबिक रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले राज्यसभा में एक और कार्यकाल के लिए तैयार हैं। जबकि भाजपा के महासचिव विनोद तावड़े पहली बार राज्यसभा में जाएंगे।। रामराव वडकुटे और माया चिंतामण ईवनाटे के नाम भी उम्मीदवारों की लिस्ट में हैं।

16 मार्च को है चुनाव

बता दें कि दस राज्यों की 37 राज्यसभा सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव 16 मार्च को आयोजित किए जाने हैं। मतों की गिनती उसी दिन की जाएगी। ये सीट अप्रैल में अलग-अलग तारीखों पर खाली हो रहे हैं। वैसे राज्य जहां से राज्यसभा सीट खाली हो रही हैं, वे हैं, महाराष्ट्र (सात सीट), तमिलनाडु (छह), पश्चिम बंगाल और बिहार (पांच-पांच), ओडिशा (चार), असम (तीन), हरियाणा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ (दो-दो) तथा हिमाचल प्रदेश (एक)। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख पांच मार्च है।

मंगलवार को नौ उम्मीदवार हुए थे घोषित

भाजपा ने अपनी ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल और मौजूदा राज्यसभा सदस्य सुजीत कुमार को भी आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए राज्य से अपना उम्मीदवार बनाया है। कुमार का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त होगा। राज्य के पूर्व मंत्री सामल 2024 के ओडिशा विधानसभा चुनाव में हार गए थे।

पार्टी नेता शिवेश कुमार बिहार से चुनाव लड़ेंगे, वहीं पार्टी के पूर्व लोकसभा सदस्य संजय भाटिया हरियाणा से राज्यसभा चुनाव में प्रत्याशी होंगे। शिवेश कुमार भाजपा की बिहार इकाई के महासचिव हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि उम्मीदवारों के नामों को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने मंज़ूरी दे दी है।

मजबूत स्थिति में है भाजपा

महाराष्ट्र से राज्यसभा की सात सीटें अप्रैल में रिक्त होने वाली हैं। 288 सदस्यीय विधानसभा में 230 से अधिक विधायकों के साथ, भाजपा के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन अपने चारों उम्मीदवारों को जिताने की स्थिति में है। इस साल महाराष्ट्र से राज्यसभा के जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें राकांपा (एसपी) प्रमुख शरद पवार, आरपीआई (ए) के प्रमुख आठवले, राकांपा (एसपी) की फौजिया खान, रजनी पाटिल (कांग्रेस), शिवसेना (उबाठा) की प्रियंका चतुर्वेदी और भाजपा नेता धनंजय पाटिल और भगवत कराड शामिल हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *