ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में न्यू ईयर से पहले पुलिस की सख्ती के बीच एक दिलचस्प और चर्चा में रहने वाला मामला सामने आया है. ड्रंक एंड ड्राइव चेकिंग के दौरान जब एक प्रभावशाली व्यक्ति का चालान किया गया, तो मौके पर मौजूद एएसपी का जवाब अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है.
दरअसल, नए साल को लेकर पुलिस ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ सख्त चेकिंग कर रही है. इसी दौरान चेकिंग पॉइंट पर एक व्यक्ति ने पहचान और रसूख का हवाला देने की कोशिश की. मौके पर मौजूद ASP अनु बेनीवाल ने साफ शब्दों में कहा, ”डंडा तो छोड़ दिया है, लेकिन फूफा जी आपके चाहे प्रेजिडेंट ही क्यों न हों, चालान तो होगा.”
इस दौरान ASP ने हाथ में मौजूद डंडे को देखकर मजाकिया अंदाज में कहा, ”ये डंडा तो हमारे लायक है, बड़ा मजबूत है. पूरे घटनाक्रम के दौरान एएसपी मुस्कराती रहीं और सख्त लेकिन मानवीय अंदाज में बातचीत करती नजर आईं.
पुलिस का यह रवैया साफ संदेश देता है कि कानून सबके लिए बराबर है, चाहे कोई कितना भी रसूखदार क्यों न हो.
ASP अनु बेनीवाल ने बताया, ”कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है.ड्रंक एंड ड्राइव या नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे उसकी कोई भी पहचान हो.”
![]()