मौलाना रशीदी ने क्या कहा था, जिसपर मचा सियासी घमासान, भाजपा ने क्यों किया डिंपल यादव को सपोर्ट?

समाजवादी पार्टी की सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को लेकर मौलाना साजिश रशीदी ने विवादित बयान दिया। इसको लेकर जमकर बवाल हो रहा है। उनके खिलाफ केस भी दर्ज हो चुका है और विरोध भी हो रहा है। उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है।

मौलाना साजिश रशीदी भारत में मस्जिदों के इमामों के संगठन ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। वह अक्सर अपने धार्मिक और सामाजिक बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। उनके कई बयानों पर विवाद हो चुका है। ऐसे में जानते हैं कि आखिर रशीदी ने डिंपल यादव को ऐसा कह दिया, जिसपर राजनीतिक घमासान मचा हुआ है।

क्या कहा था मौलाना साजिद रशीदी ने?
ये पूरा मामला उस वक्त सामने आया जब मौलाना साजिश रशीदी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। इस वीडियो में वो सपा सांसद डिंपल यादव के पहनावे को लेकर टिप्पणी कर रहे थे। दरअसल डिंपल यादव ने कुछ दिनों पहले एक मस्जिद का दौरा किया था और इसी दौरे की कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर आए। उनके इसी दौरे पर पहनावे को लेकर मौलाना रशीदी ने टिप्पणी की थी।

उन्होंने कहा, “मैं एक फोटो दिखाता हूं, जिसे देखकर शर्मा जाएंगे। मैं किसी का नाम नहीं लेता लेकिन सभी जानते हैं, जो मोहतर्मा उनके साथ थीं वो तो अपने मुस्लिम पहनावे में थीं। उनका सिर ढका हुआ था। दूसरी मोहतर्मा थीं डिंपल यादव। उनकी पीठ का फोटो देख लीजिए। नंगी बैठी हैं।”

भाजपा क्यों कर रही डिंपल यादव का समर्थन?
मौलाना की विवादित टिप्पणी पर भाजपा ने कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को संसद परिसर में एनडीए सांसदों ने उनके खिलाफ प्रदर्शन किया और बयान पर विरोध दर्ज कराया। सांसदों का कहना है कि अखिलेश यादव ने मौलाना की टिप्पणी पर चुप्पी क्यों साध रखी है? 

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि पूरा विपक्ष इस मुद्दे पर चुप क्यों है? डिंपल यादव की खुद की पार्टी चुप क्यों है? उनके पति ने अभी तक इस बयान के खिलाफ कुछ क्यों नहीं बोला? क्या तुष्टिकरण की राजनीति एक महिला सांसद की गरिमा से ज्यादा महत्वपूर्ण है?
इसके अलावा भाजपा की दूसरी सांसद धर्मशीला गुप्ता ने कहा, यह डिंपल यादव का नहीं बल्कि पूरे देश की महिलाओं का अपमान है। मुझे आश्चर्य है कि समाजवादी पार्टी के नेता चुप हैं। उनकी (अखिलेश यादव) पत्नी का अपमान हुआ है और वह चुप हैं। अगर आप अपने घर की महिलाओं के लिए खड़े नहीं हो सकते तो आपको राजनीति छोड़ देनी चाहिए। मौलाना को सभी महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए।

एक तरफ जहां भाजपा डिंपल यादव के समर्थन में बोल रही है तो वहीं डिंपल यादव ने कहा कि भाजपा को अगर इतनी ही चिंता है तो वो उस वक्त कुछ क्यों नहीं बोली जब मणिपुर से महिला का वीडियो वायरल हुआ था। इसके अलावा उन्होंने ये भी कहा कि जो हो रहा है अच्छा हो रहा है। यह अच्छी बात है कि एफआईआर दर्ज हो गई है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *