केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार दोपहर को ग्वालियर रेलवे स्टेशन से ट्रेन नंबर-11085/86 ग्वालियर-एसएमवीटी बेंगलुरु वीकली एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ट्रेन ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 से रवाना हुई। मंच पर ग्वालियर सांसद भरत सिंह कुशवाह, पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया, पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअली शामिल हुए।
ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसी ट्रेन में आम लोगों के साथ गुना तक सफर किया। सिंधिया ने यात्रियों से बात की। उनके साथ अंताक्षरी खेली। सिंधिया गाया – सुहाना सफर और ये मौसम हंसी।
ये ट्रेन (01086) भोपाल, नागपुर, काचीगुड़ा, धोन और धर्मावरम होते हुए 28 जून की सुबह एसएमवीटी बेंगलुरु पहुंचेगी। यह सफर लगभग 40 घंटे में पूरा होगा।
उद्घाटन के दौरान समर्थकों ने लगाए नारे
इस ट्रेन को लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और ग्वालियर सांसद भरत सिंह कुशवाह ने दावा किया था कि ट्रेन उनके प्रयासों से मिली है। हालांकि मंच पर दोनों नेता एक साथ दिखे। दोनों ही नेताओं के समर्थकों ने उनके समर्थन में नारे भी लगाए।
सिंधिया बोले- जो मजा यहां है वो एसी में कहां है

सिंधिया ने इस ट्रेन से ग्वालियर से शिवपुरी-गुना तक सफर किया। इस दौरान वह आम यात्रियों के साथ बैठे और संवाद कर उनकी प्रतिक्रिया जानी। सिंधिया ने कहा कि जो मजा यहां है वो एसी में कहां है। एसी वालों को जुकाम मिलेगा।
यात्रियों ने इस नई ट्रेन सेवा की शुरुआत का स्वागत करते हुए कहा कि इससे बेंगलुरु की यात्रा में 8-10 घंटे की समय बचत होगी। मंत्री सिंधिया ने शिवपुरी, गुना और अशोकनगर स्टेशन पर रुककर जनता से संवाद किया।
सिंधिया ने रेल मंत्री को पत्र लिखकर ट्रेन की मांग की थी
सिंधिया ने 2024 और 2025 में रेल मंत्री को पत्र लिखकर गुना लोकसभा क्षेत्र से बेंगलुरु के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग की थी। उन्होंने बताया था कि इस क्षेत्र के करीब 25% युवा बेंगलुरु में पढ़ाई या नौकरी करते हैं और उन्हें बीना, भोपाल या ग्वालियर जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है, जिससे 8–10 घंटे का अतिरिक्त समय लग जाता है।
![]()