12 नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि, अब तक 385 केस

ग्वालियर। शनिवार को 12 नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। यह मरीज गजराराजा मेडिकल कालेज और जिला अस्पताल मुरार की लैब में हुई 158 सैंपल की जांच में पाजिटिव निकले। जनवरी से अभी तक कुल छह हजार 877 सैंपल की जांच में 385 पाजिटिव केस निकले हैं। लगातार चल रहे सर्वे के बाद भी डेंगू के मामले थम नहीं रहे हैं। शनिवार को मलेरिया टीम ने दो हजार 546 घरों का सर्वे किया।

इनमें 332 घरों में लार्वा मिला। इसे नष्ट कराया गया। अब तक तीन लाख 90 हजार 696 घरों का सर्वे किया जा चुका है। इनमें 11 हजार 69 घरों लार्वा मिला। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि वह डेंगू नियंत्रण के लिए प्रभावित क्षेत्र में रयासन का छिड़काव व नगर निगम के सहयोग से फागिंग करा रहा है। साथ ही मच्छर के लार्वा पाये जाने पर चालानी कार्रवाई भी की जा रही है।

मलेरिया टीम के अलावा एम्बेड परियोजना के कर्मचारी और आउटसोर्स कर्मचारी की अतिरिक्त टीम बनाकर सर्वे के लिए मैदान में उतारी गई है। जागरूकता के लिए नगर निगम के वाहनों के माध्यम से डेंगू से बचाव के लिए प्रचार प्रसार कराया जा रहा है। इस सब के बावजूद डेंगू की रफ्तार कम होने का नाम नहीं ले रही है।

विभिन्न वार्डों में मलेरिया अधिकारी ने किया निरीक्षण शहर में डेंगू नियंत्रण के लिए मलेरिया एवं नगर निगम की संयुक्त टीमों द्वारा सर्वे कर लार्वा को नष्ट कराया जा रहा है। इसकी मानीटरिंग के लिए शनिवार को जिला मलेरिया अधिकारी डा. विनोद दोनेरिया ने मुरार क्षेत्र के वार्ड 20 सैनिक कालोनी व वार्ड 23 शिवनगर में निरीक्षण किया। साथ ही टीम के साथ लार्वा नष्ट कराया। नगर निगम को सूचित कर लार्वा पाए गए घरों का चालान कराया। लोगों को डेंगू से बचाव की जानकारी देने के साथ टीम को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *