बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार की अगुवाई कर रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो गए हैं. सीएम नीतीश के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद सूबे में सरकार की कमान कौन संभालेगा, इसे लेकर कयासों का दौर अभी थमा भी नहीं था कि अब जनता दल (यूनाइटेड) के नए अध्यक्ष का चुनाव आ गया है. दिल्ली में जेडीयू अध्यक्ष का चुनाव होना है. इसके लिए आज नामांकन होगा.
जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का फिर से जेडीयू अध्यक्ष बनना तय है. नीतीश कुमार नई दिल्ली स्थित जेडीयू के केंद्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए नॉमिनेशन दाखिल करेंगे. नीतीश कुमार का पर्चा दाखिला शाम चार बजे होगा. जेडीयू के राष्ट्रीय चुनाव प्रभारी के सामने नीतीश कुमार का नामांकन दाखिल किया जाएगा. जेडीयू अध्यक्ष के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 22 मार्च है. 22 मार्च को ही उम्मीदवारों के नामांकन पत्र की जांच होगी.
अपना नामांकन वापस लेने के इच्छुक उम्मीदवार 24 मार्च तक नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं. जेडीयू अध्यक्ष के चुनाव में अगर एक से अधिक उम्मीदवारों ने नामांकन किया, तो मतदान की नौबत आ सकती है. अगर ऐसा होता है, तो 27 मार्च को मतदान होगा. हालांकि, मतदान की नौबत आने के आसार नहीं के बराबर ही हैं और नीतीश कुमार का फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना तय बताया जा रहा है.
जेडीयू अध्यक्ष के लिए नीतीश कुमार के नॉमिनेशन में बिहार के प्रमुख नेताओं के साथ ही अन्य प्रदेशों के जेडीयू नेता भी शामिल होंगे. पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा और मंत्री श्रवण कुमार भी इस मौके पर मौजूद रहेंगे. गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले ललन सिंह ने जेडीयू अध्यक्ष का पद छोड़ दिया था. इसके बाद नीतीश कुमार ने पार्टी की बागडोर अपने हाथों में ले ली थी. नीतीश के अध्यक्ष बनने के बाद जेडीयू ने आरजेडी और महागठबंधन से नाता तोड़कर एनडीए का दामन थाम लिया था.
![]()