मध्य प्रदेश पुलिस के एडीजी (ट्रेनिंग) राजाबाबू सिंह के साथ एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां कुछ अज्ञात युवकों ने उनके घर के बाहर पहुंचकर गाली-गलौज की और उन्हें धमकाया. इस घटना के बाद एडीजी ने अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है.
जानकारी के अनुसार, यह घटना त्रिलंगा स्थित उनके आवास के बाहर हुई. एडीजी राजाबाबू सिंह ने बताया कि कुछ युवक कार से वहां पहुंचे और अचानक गाली-गलौज करने लगे. इनमें से एक युवक के हाथ में डंडा भी था, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई.
एमपी पुलिस के ADG राजाबाबू सिंह को धमकी
पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है. एडीजी ने इस मामले की सूचना शाहपुरा थाने को दे दी है और सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दिए हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके.
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है. एडीजी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि उन्हें इस घटना के बाद अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता है और उन्होंने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है.
घटना पास में लगे सीसीटीवी में कैद
गौरतलब है कि हाल ही में एडीजी राजाबाबू सिंह ने पुलिस ट्रेनिंग के दौरान एक नई पहल की थी, जिसमें धार्मिक नवाचार के तहत रामचरितमानस का पाठ शुरू कराया गया था. इस पहल के बाद यह घटना सामने आने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश जारी है.
![]()