दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में बीती रात शनिवार (27 जुलाई) को हुई घटना को लेकर कांग्रेस ने कोचिंग सेंटर पर सवाल उठाए हैं. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि ये प्राकृति नहीं बल्कि मानव निर्मित आपदा है. बेसमेंट में कोचिंग सेंटर चल रहा था. किया उनके पास लाइसेंस या एमसीडी के कागज थे?
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, “यह मानव निर्मित त्रासदी है. यह कोई प्राकृतिक आपदा नहीं है. बेसमेंट में कोचिंग सेंटर कैसे चल रहा था? क्या उनके पास लाइसेंस था? क्या उनके पास एमसीडी के सारे कागज़ात थे? इन सवालों के जवाब हमें नहीं मिले हैं. एक-दूसरे पर सवाल उठाना और आरोप-प्रत्यारोप लगाना बहुत आसान है, लेकिन इसमें आम आदमी को नुकसान हो रहा है. राष्ट्रीय राजधानी में ऐसी असंवेदनशील सरकार बेहद गलत है, चाहे वह एमसीडी हो या सरकार.”
बेसमेंट में पानी भरने के बाद तीन छात्रों की मौत
दरअसल, शनिवार को राजेंद्र नगर के पुराने इलाके में एक आईएएस ट्रेनिंग अकादमी के बेसमेंट में पानी भर जाने से तीन छात्रों की मौत हो गई. बेसमेंट में और भी छात्र फंसे गए, जबकि मोटरों के जरिए पानी बाहर निकाला गया. पुलिस सूत्रों ने बताया कि तीन छात्र लापता हैं और उनकी तलाश जारी है. तीन शव बरामद किए गए हैं, जबकि घटना के संबंध में एक एफआईआर दर्ज की गई है.
शनिवार शाम 7:19 बजे दमकल विभाग के अधिकारियों को बेसमेंट में छात्रों के फंसे होने की सूचना मिली और बचाव कार्य के लिए पांच दमकल गाड़ियां भेजी गईं. राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमें भी मौके पर हैं.
दोषियों के खिलाफ हो कार्रवाई
प्रियंका गांधी ने आगे लिखा, यह आपराधिक और गैर-जिम्मेदाराना है. इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए और सबसे जरूरी है कि जिन इलाकों में प्रतियोगी छात्र रहते हैं, वहां से हर वो निर्माण, हर गतिविधि जो अवैध और जानलेवा है, उसे दुरुस्त करना चाहिए.
राहुल गांधी ने भी इस हादसे पर जताया दुख
इस हादसे पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा, “दिल्ली की एक बिल्डिंग के बेसमेंट में पानी भर जाने के कारण प्रतियोगी छात्रों की मृत्यु बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है. कुछ दिन पहले बारिश के दौरान बिजली का करंट लगने से एक छात्र की मृत्यु हुई थी.सभी शोकाकुल परिजनों को अपनी भावपूर्ण संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. इन्फ्रास्ट्रक्चर का ये कोलैप्स सिस्टम की संयुक्त असफलता है. असुरक्षित निर्माण, लचर टाऊन प्लानिंग और हर स्तर पर संस्थाओं की गैरजवाबदेही की कीमत आम नागरिक अपना जीवन गंवा कर चुका रहा है. सुरक्षित और सुविधाजनक जीवन हर नागरिक का अधिकार और सरकारों का दायित्व है.”
पुलिस ने क्या कहा?
डीसीपी सेंट्रल एम हर्षवर्धन ने बताया, “शाम 7:00 बजे हमें सूचना मिली कि राजेंद्र नगर में एक यूएसपीसी कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में पानी भर गया है और कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है. भारी बारिश के कारण सड़क पर जलभराव हो गया था. हम मामले की जांच कर रहे हैं कि पूरा बेसमेंट कैसे पानी में डूब गया. ऐसा लग रहा है कि बेसमेंट में बहुत तेजी से पानी भरा और कुछ लोग बेसमेंट के अंदर फंस गए. दिल्ली फायर सर्विस और एनडीआरएफ की बचाव टीमें मौजूद हैं. तलाशी और बचाव अभियान जारी है.”
![]()