जम्मू। जम्मू-कश्मीर के कठुआ-उधमपुर-डोडा क्षेत्र की पहाड़ियों और घने जंगलों में सेना के और जवानों को तैनात किया गया है। कठुआ जिले में सेना के गश्त पर घात लगाकर हमला करने वाले आतंकवादियों की तलाश गुरुवार यानी चौथे दिन भी जारी रही।
60 लोगों से की जा रही पूछताछ
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को हुए हमले के बाद से 60 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। इनमें शामिल तीन व्यक्ति पर शक है कि उन्होंने आतंकवादियों को भोजन और आश्रय प्रदान किया था। हिरासत में लिए गए लोगों में एक महिला भी शामिल है, जिसने भोजन बनाकर एक व्यक्ति को दिया था।
अधिकारियों ने बताया कि खाने की मात्रा ज्यादा थी उससे 10 से 15 लोगों का पेट आसानी से भर सकता था। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों को संदेह है कि भोजन आतंकवादियों के लिए ही था।
कठुआ में हुई संयुक्त बैठक
अफसरों ने बताया कि कठुआ में जम्मू-कश्मीर और पंजाब के वरिष्ठ पुलिस और सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर सुरक्षा ग्रिड पर चर्चा की।
उन्होंने बताया कि अंतरराज्यीय सुरक्षा समीक्षा बैठक में अंतरराष्ट्रीय सीमा के जम्मू-कश्मीर और पंजाब क्षेत्र में सीमा पार से घुसपैठ से निपटने और पंजाब की सीमा से लगे जम्मू क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों का मुकाबला करने के लिए एक संयुक्त रणनीति तैयार करने पर चर्चा की गई।
IED का बढ़ा खतरा
तलाशी अभियान को लेकर अधिकारियों ने कहा कि जवान सावधानी से आगे बढ़ रहे हैं, क्योंकि जगह-जगह इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) का खतरा है। तलाशी अभियान का विस्तार जम्मू क्षेत्र के कठुआ, उधमपुर और डोडा जिलों के पहाड़ी इलाकों में किया गया है, जहां जून से आतंकवादी घटनाओं में तेजी आई है।
सेना की 9 कोर की टुकड़ियों ने कठुआ की पहाड़ियों में अपनी मौजूदगी बढ़ा दी है, जबकि 16 कोर की डेल्टा फोर्स ने उधमपुर और डोडा के जुड़वां जिलों में और अधिक कर्मियों को तैनात किया है।
खोजी कुत्तों की ली जा रही मदद
अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षाबलों द्वारा पहाड़ी इलाकों की घेराबंदी की गई है ताकि आतंकवादी भाग न सकें। उन्होंने कहा कि सेना के विशेष बल और खोजी कुत्ते की इकाइयों को भी तैनात किया गया है।
उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में घने जंगल, गहरी घाटियां, गुफाएं और ऊबड़-खाबड़ इलाके हैं, जहां सैनिकों को बारिश और कोहरे जैसी प्रतिकूल मौसम स्थितियों का सामना करना पड़ता है।
![]()