मजबूर मत कीजिए, नहीं तो पेट्रोल पंप ही बंद करवा दूंगा’, शॉर्टेज की अफवाहों पर भड़के उमर अब्दुल्ला

जम्मू में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों के बीच मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. उन्होंने साफ कहा कि अगर लोग अफवाहों के कारण पेट्रोल पंपों के बाहर डेरा डालकर बैठे रहे, तो सरकार कुछ दिनों के लिए पेट्रोल पंप बंद करने पर मजबूर हो सकती है.
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में यह स्पष्ट किया गया है कि फिलहाल पेट्रोल, डीजल और एलपीजी सिलेंडर की कोई कमी नहीं है. उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार दोनों हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और कहीं भी राशनिंग या इस्तेमाल कम करने का कोई निर्देश नहीं दिया गया है.

उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि जब सरकार आधिकारिक जानकारी देती है तो लोग उस पर ध्यान नहीं देते, लेकिन सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर तुरंत भरोसा कर लेते हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों के आधार पर पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं, क्योंकि इससे बेवजह हालात बिगड़ सकते हैं.
सीएम अब्दुल्ला ने कहा, ‘इसलिए मेरी उन तमाम लोगों से गुजारिश है जो सोशल मीडिया के अफवाहों के बुनियाद पर पेट्रोल पंपों के बाहर लाइने लगाए बैठे हैं. हमें मजबूर मत करिएगा नहीं तो अगर यही हाल रहा मैं कुछ दिनों के लिए पेट्रोल पंप ही बंद कर दूंगा, जब तक ये अफवाहों का सिलसिला बंद नहीं होता.

उमर अब्दुल्ला ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सभी मुख्यमंत्रियों की एक ऑनलाइन बैठक बुलाई है, जिसमें वह भी शामिल होंगे. इस बैठक में खासतौर पर मध्य पूर्व, खासकर ईरान और आसपास के इलाकों के हालात पर चर्चा होगी. साथ ही यह भी तय किया जाएगा कि अगर युद्ध की स्थिति लंबी चलती है तो आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति कैसे सुनिश्चित की जाए.
मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि फिलहाल किसी भी तरह की घबराने की जरूरत नहीं है और जरूरी सामान की कोई कमी नहीं है. उन्होंने कहा कि अफवाहों की वजह से कृत्रिम संकट पैदा हो सकता है, इसलिए लोग जिम्मेदारी से व्यवहार करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *