सिक्किम में बादल फटने की घटना के बाद तीस्ता नदी में अचानक आई बाढ़ के कारण कई लोगोंं ने जानें गंवा दी हैं. सरकारी आंकड़ा कहता है कि अब तक 8 लोगों की मौत हुई है. कई लोग अब भी लापता हैं.
सिक्किम में बादल फटने से अचानक आई बाढ़ के कारण कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और सेना के 22 जवानों समेत 69 लोग अब भी लापता हैं. न्यूज एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले यह जानकारी बुधवार (4 अक्टूबर) को दी. बादल राज्य के उत्तरी इलाके में पड़ने वाली ल्होनक झील पर फटा था, जिसकी वजह से तीस्ता नदी में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) आ गई. अधिकारियों ने कहा कि मृतकों में से तीन उत्तरी बंगाल में बह गए.
सिक्किम फ्लैश फ्लड को लेकर क्या कुछ कहा अधिकारियों ने?
अधिकारियों ने कहा कि मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे बाढ़ आई, स्थिति तब और बिगड़ गई जब चुंगथांग बांध से पानी छोड़ा गया. गंगटोक के सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) महेंद्र छेत्री ने कहा, ”गोलिटर और सिंगताम क्षेत्र से पांच शव बरामद हुए हैं.” एक अन्य अधिकारी ने कहा कि सेना के 22 जवानों के अलावा 47 नागरिक भी लापता हैं, जबकि अब तक 166 लोगों को बचाया जा चुका है, जिनमें एक सैन्यकर्मी भी शामिल है.
![]()