EV में चार्जिंग के समय लगी आग, घर के सारे गेट हो गए लॉक, 7 लोगों की जलकर मौत

मध्य प्रदेश के इंदौर ज़िले के एक घर में 18 मार्च की देर रात भीषण आग लग गई (House caught in fire). इस आग की चपेट में आकर घर में सो रहे 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हैं. बताया जा रहा है कि शुरुआत घर के बाहर खड़ी कार में आग लगने से हुई थी, जो देखते ही देखते पूरे घर में फैल गई. पुलिस ने बताया कि घर में गैस सिलेंडर भी फटा है. 

धर्मेंद्र कुमार शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक़, ये घटना तिलक नगर थाना क्षेत्र के छोटा राजवाड़ा के पास बृजेश्वरी एनेक्स के एक घर में हुई. घर के बाहर एक इलेक्ट्रिक कार खड़ी थी और चार्जिंग पर लगी थी. पुलिस के मुताबिक़, चार्जिंग वाले इलेक्ट्रिक बोर्ड में स्पार्किंग हुई, जिससे कार में आग लगी. फिर धीरे-धीरे ये आग फैली और पूरे घर को चपेट में ले लिया. पुलिस का कहना है कि घर में इलेक्ट्रिक लॉक लगे हुए हैं. जब आग लगी तो पावर कट हो गया. इसकी वजह से गेट लॉक ही रह गए.

पुलिस ने ये भी बताया कि शुरुआत में घर से 3 लोगों को बाहर निकाला गया था, लेकिन उनकी जान बच नहीं पाई. बचाव के लिए SDRF की टीम, फायर ब्रिगेड और पुलिस की इमरजेंसी टीम मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम किया. पुलिस ने पहले ग्राउंड फ्लोर, फिर फर्स्ट और फिर टॉप फ्लोर पर बारी-बारी से बचाव अभियान चलाया. रिपोर्ट के मुताबिक़, घर के मालिक का नाम मनोज पुगलिया है.
पुलिस ने क्या बताया?
इंदौर के पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने बताया, ‘सुबह 4 बजे हमें घटना की सूचना मिली. ये घर तिलक नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है. सूचना मिलते ही हमारी इमरजेंसी टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया. फायर डिपार्टमेंट के साथ मिलकर हमने आग बुझाई और लोगों को रेस्क्यू किया. आग बुझाने में हमें कम से कम 2 घंटे लग गए. जिन 6 लोगों को बचाने की कोशिश की, उनकी मौत हो चुकी है.’

कमिश्नर संतोष सिंह ने बताया कि बहुत भीषण आग लगी थी. पुलिस ने ये सुनिश्चित किया कि आग की लपटें दूसरी बिल्डिंग में न जाएं. घर के अंदर से एक से ज़्यादा गैस सिलेंडर भी बरामद किए गए. पुलिस का कहना है कि घटना के दौरान गैस सिलेंडर भी फटा.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *