I.N.D.I.A.: …तो क्या विधानसभा चुनाव-2027 में भी बना रहेगा सपा-कांग्रेस गठबंधन? अजय राय ने खोल दिए पत्ते

लखनऊ। लोकसभा चुनाव में मिली जीत से कांग्रेस व सपा के नेता उत्साहित हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का कहना है कि कांग्रेस व सपा का गठबंधन एक स्वाभाविक गठबंधन है। उत्तर प्रदेश में भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने के लिए अगला विधानसभा चुनाव भी दोनों दल साथ मिलकर लड़ेंगे। 

राय ने कहा कि जो चुनाव परिणाम सामने आए हैं, उससे दोनों दलों के कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास बढ़ा है। सपा 37 सीटें जीतकर प्रदेश में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। राय ने कहा कि वह शनिवार को दिल्ली जाएंगे। उनका पूरा प्रयास रहेगा कि राहुल गांधी रायबरेली सीट का प्रतिनिधित्व बरकरार रखें।

अजय राय ने आरोप लगाया कि वाराणसी में भाजपा ने अपने कार्यों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया। जबकि जमीनी सच कुछ और है। अजय राय ने चुनाव में सहयोग के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ सपा व आप के कार्यकर्ताओं को आभार भी जताया।

यूपी में 17 सीटों पर चुनाव लड़ी कांग्रेस

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में इस बार सपा से गठबंधन के चलते कांग्रेस 17 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। इनमें अजय राय लगातार तीसरी बार नरेन्द्र मोदी के विरुद्ध चुनाव मैदान में उतरे थे। 

कांग्रेस अपनी परंपरागत सीट अमेठी व रायबरेली समेत कुछ छह सीटों पर जीत दर्ज करने में सफल रही, जबकि पिछले चुनाव में कांग्रेस रायबरेली सीट पर एकमात्र जीत दर्ज कर सकी थी। 

इस बार कांग्रेस के सामने उत्तर प्रदेश में अपना अस्तित्व बचाने की सबसे बड़ी चुनाैती थी। जबकि गठबंधन के चलते शेष 63 सीटों पर सपा ने अपने उम्मीदवार उतारे थे और उसके 37 प्रत्याशी जीत दर्ज करने में कामयाब रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *