उत्तर प्रदेश के अयोध्या में सरयू नदी के बीच नाव पर बीयर और मटन पार्टी करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो कैंट थाना क्षेत्र के गुप्तार घाट का है. वीडियो में चार युवक नाव पर बैठकर बीयर पीते और मटन पार्टी करते हुए दिखाई दे रहे हैं. इस घटना को लेकर लोगों ने धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला बताते हुए नाराजगी जताई है.
गुप्तार घाट सरयू नदी का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में नदी के बीच इस तरह की पार्टी का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई.
पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए वीडियो की जांच की और कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
वीडियो में क्या है?
नाव पर पार्टी के दौरान एक युवक वीडियो बनाते हुए अपने साथ मौजूद साथियों का परिचय देता है. वह बताता है कि काफी समय बाद सभी दोस्त एक साथ मटन पार्टी कर रहे हैं. वीडियो में वह लवकुश निषाद, राजकुमार निषाद और जितेंद्र निषाद का नाम लेता है. चारों युवक नाव पर बैठकर खाना खाते और मस्ती करते नजर आते हैं.
वीडियो में युवक अपने एक अन्य साथी अमरजीत निषाद का भी जिक्र करता है. वह कहता है कि आज उनके दोस्त की कमी महसूस हो रही है और भगवान से जल्द मुलाकात कराने की प्रार्थना करता है. वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई और पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी.
बताया जा रहा है कि यह वीडियो अयोध्या के कैंट थाना क्षेत्र स्थित गुप्तार घाट का है. सरयू नदी के इस घाट पर रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान करने और रामलला व हनुमानगढ़ी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. ऐसे धार्मिक स्थल पर नाव में बीयर और मटन पार्टी का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई, जिसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
![]()