जबरन ऑपरेशन कर किन्नर बना दिया’, जानू यादव का हिना एंड कंपनी पर आरोप, जानिए पूरा मामला

शाहजहांपुर पुलिस के पास कानपुर देहात के भौलपुर गांव निवासी 18 वर्षीय युवक जानू यादव उर्फ सिमरन ने हिना किन्नर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. हिना खुटार क्षेत्र की रहने वाली है. पीड़ित ने आरोप लगाया कि हिना और उसके साथियों ने उसे बहला-फुसलाकर बुलाया और फिर दिल्ली ले जाकर जबरन उसका ऑपरेशन कराकर उसे किन्नर बना दिया. 

युवक ने 10 मार्च को हुई इस घटना के दौरान प्रतिबंधित मीट खिलाने और जबरन कलमा पढ़वाकर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश का भी गंभीर आरोप लगाया है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की अर्जियों पर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पीड़ित जानू यादव ने बताया कि खुटार क्षेत्र की रहने वाली हिना किन्नर ने उसे अपने यहां मेहमानी में बुलाया था. वहां दो-तीन महीने रुकने के दौरान आरोपियों ने उसके नाक-कान छेद दिए. इसके बाद जब वह कानपुर चला गया, तो उसे दोबारा बुलाकर दिल्ली ले जाया गया और जबरन ऑपरेशन कर किन्नर बना दिया गया. पीड़ित का कहना है कि उसे बेचने की कोशिश भी हुई और जबरन कलमा पढ़ाने का दबाव बनाया गया, जिसके बाद वह किसी तरह वहां से भाग निकला.

किन्नर का पलटवार और पुलिस की जांच

दूसरी तरफ, आरोपी हिना किन्नर ने भी युवक के खिलाफ पुलिस में एक काउंटर एप्लीकेशन दी है. हिना किन्नर ने युवक जानू यादव पर चोरी करने और घर की बेटी की शादी में विघ्न डालने का आरोप लगाया है. इस अजीबोगरीब और संवेदनशील मामले में दोनों ही पक्षों की तरफ से थाने में शिकायत पत्र दिए गए हैं, जिससे पूरा मामला काफी उलझ गया है.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि जानू यादव ने हिना किन्नर के साथ रहने और दिल्ली में जबरन ऑपरेशन कराए जाने की शिकायत दी है. इसके साथ ही हिना किन्नर की तरफ से भी चोरी और शादी में बाधा पहुंचाने की जवाबी अर्जी आई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के प्रार्थना पत्रों की गहराई से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही विधिक कार्रवाई की जाएगी.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *