‘आपको यहां कौन जानता है?’ दतिया में BJP उम्मीदवार से हुआ आमना-सामना, MP कांग्रेस अध्यक्ष ने चलाए व्यंग्य बाण

मध्य प्रदेश की सियासत में चुनावी पारा सातवें आसमान पर है और इसी बीच दतिया विधानसभा से एक दिलचस्प राजनीतिक भिड़ंत की खबर है. यहां चिरुला गांव में कांग्रेस और बीजेपी के बड़े नेता आमने-सामने आ गए.
दरअसल, गांव में कांग्रेस की एक छोटी सी चुनावी सभा खत्म हुई थी, तभी वहां से बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी का काफिला गुजरा. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने उन्हें दूर से देखा तो आवाज देकर अपने पास बुला लिया. इसके बाद जो हुआ, उसने वहां मौजूद ग्रामीणों और सोशल मीडिया यूजर्स को हैरान कर दिया है.

जैसे ही आशुतोष तिवारी पास पहुंचे, जीतू पटवारी ने मुस्कुराते हुए उन पर तंज कसा कि “आप बिना मिले ही जा रहे हैं!” इस पर माहौल को संभालते हुए बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि “हमारे पारिवारिक रिश्ते हैं. चुनाव प्रचार के लिए कांग्रेसी साथी भी यहां आए हैं और हम भी आए हैं, इसमें कोई बुराई नहीं है.” 

जीतू पटवारी ने थाम लिया माइक

 पारिवारिक रिश्तों की दुहाई अभी चल ही रही थी कि जीतू पटवारी ने अचानक हाथ में माइक ले लिया और आशुतोष तिवारी के सामने ही ग्रामीणों से सीधे संवाद शुरू कर दिया. पटवारी ने तंज कसते हुए कहा, “आशुतोष जी, यहां मैंने आपके बारे में जनता से पूछा तो पता चला कि आपको यहां कोई जानता ही नहीं है.”

चूंकि आशुतोष तिवारी मूल रूप से दतिया जिले की भांडेर तहसील के रहने वाले हैं और दतिया मुख्य सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, इसलिए जीतू पटवारी ने उनकी ‘बाहरी’ पहचान को हवा देने की कोशिश की. इसके जवाब में आशुतोष तिवारी ने तुरंत मोर्चा संभाला और कहा, “दतिया हमारा गृह जिला है, लोग हमें बहुत अच्छे से जानते हैं.”

जनता रही खामोश, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

राजनीतिक पैंतरेबाजी यहीं नहीं रुकी. जीतू पटवारी ने तुरंत लाइव माइक पर ग्रामीणों से पूछ लिया, “आप लोग आशुतोष जी को जानते हैं क्या?”
पटवारी के इस सीधे सवाल पर वहां मौजूद अधिकांश ग्रामीण पूरी तरह खामोश रहे, जबकि इक्का-दुक्का लोगों ने ‘नहीं’ में अपना सिर हिला दिया.
नेताओं के बीच सरेराह चल रहे इस सीधे दांव-पेंच को देखकर वहां खड़े ग्रामीण कुछ पलों के लिए हतप्रभ रह गए.अब इस पूरी बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया के प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *