काले रंग पर ताना, iPhone और AC की डिमांड… बहू से परेशान मां-बेटा पहुंचे SP ऑफिस

ग्वालियर में एक ऐसा पारिवारिक विवाद सामने आया है, जिसने रिश्तों, आरोपों और घरेलू तनाव को लेकर नई बहस छेड़ दी है. आमतौर पर पुलिस थानों और महिला हेल्प डेस्क पर बहुओं के उत्पीड़न की शिकायतें पहुंचती हैं, लेकिन इस बार मामला उल्टा है. यहां एक मां और उसका बेटा अपनी ही बहू से परेशान होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की गुहार लगाई.

परिवार का आरोप है कि बहू बेटे के सांवले रंग को लेकर उसे रोज ताने देती थी. कभी काला कहकर अपमान करती, तो कभी महंगे सामान की मांग को लेकर घर में विवाद खड़ा कर देती. आरोप है कि iPhone, AC और दूसरे महंगे सामान की डिमांड पूरी नहीं होने पर बहू आत्महत्या की धमकी देती थी और दो बार फांसी लगाने की कोशिश भी कर चुकी है. परिवार ने पुलिस को कुछ वीडियो भी सौंपे हैं, जिनमें कथित तौर पर बहू के व्यवहार और विवाद की झलक दिखाई दे रही है. पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

SP ऑफिस पहुंची मां-बेटे की फरियाद

पूरा मामला गोसपुरा इलाका 1 का बताया जा रहा है. यहां रहने वाली अतर देवी अपने बेटे कमल किशोर के साथ एसपी ऑफिस पहुंचीं. मां का आरोप है कि शादी के बाद से ही बहू लतेश माहौर का व्यवहार परिवार के प्रति ठीक नहीं था. धीरे-धीरे घर में विवाद बढ़ने लगे. पहले छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा हुआ, फिर मामला मारपीट और धमकियों तक पहुंच गया. परिवार का कहना है कि बहू उनके बेटे के रंग को लेकर अपमानजनक बातें करती थी. उसे काला कहकर ताने दिए जाते थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा.

iPhone और AC की डिमांड का आरोप

पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि बहू लगातार महंगे सामान की मांग करती थी. मां अतर देवी के मुताबिक बहू ने कई बार iPhone, AC और दूसरे महंगे सामान लाने का दबाव बनाया. मांग पूरी नहीं होने पर घर में झगड़ा किया जाता था. परिवार का कहना है कि कई बार विवाद इतना बढ़ जाता था कि आसपास के लोग भी इकट्ठा हो जाते थे. कमल किशोर का आरोप है कि पत्नी छोटी-छोटी बातों को लेकर गुस्सा करती थी और फिर पूरे परिवार को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देती थी.

इतना परेशान करो कि तलाक दे दे

सास अतर देवी ने यह भी आरोप लगाया कि बहू के मायके वाले भी उसे भड़काते थे. उनका कहना है कि बहू के माता-पिता कहते थे कि परिवार को इतना परेशान करो कि वे खुद तलाक देने पर मजबूर हो जाएं. परिवार के मुताबिक घर का माहौल लगातार खराब होता चला गया. खाना बनाने और घरेलू कामों को लेकर भी विवाद होने लगे. मां का कहना है कि शादी में मिला जेवर और अन्य सामान भी बहू के कब्जे में है और वह अलग रहने का दबाव बना रही थी. मामले का सबसे गंभीर हिस्सा वह आरोप है, जिसमें परिवार ने कहा कि बहू कई बार आत्महत्या की धमकी देती थी. परिवार का दावा है कि दो बार उसने फांसी लगाने की कोशिश भी की. एक दिन पहले भी दुपट्टे से फंदा लगाने की कोशिश की गई थी. इन घटनाओं के बाद घर में डर और तनाव का माहौल बन गया. परिवार को डर था कि कहीं कोई बड़ा कदम न उठ जाए और पूरा मामला उनके खिलाफ न चला जाए. इसी वजह से उन्होंने विवाद से जुड़े कुछ वीडियो अपने पास सुरक्षित रख लिए. बाद में वही वीडियो पुलिस अधिकारियों को भी सौंपे गए.

पहले थाने गए, फिर पहुंचे SP ऑफिस

पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने पहले स्थानीय थाने में शिकायत की थी, लेकिन वहां कोई सुनवाई नहीं हुई. इसके बाद मजबूर होकर वे सीधे एसपी ऑफिस पहुंचे. वहां मौजूद अधिकारियों ने शिकायत सुनी और पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए. फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. परिवार द्वारा सौंपे गए वीडियो और शिकायत के आधार पर तथ्यों को परखा जा रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोनों पक्षों की बात सुनी जाएगी. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *