केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि ‘अभी आप हार से थकिए मत. अभी तो आपको बंगाल और तमिलनाडु में भी हारना है.’ अहमदाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने कहा कि साल 2029 में एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार बनेगी.
राहुल बाबा अभी आप थकिए मत…’
अमित शाह अहमदाबाद नगर निगम के 330 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए. अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा, ‘राहुल बाबा अभी आप थकिए मत. हार से मत थकिए. बंगाल और तमिलनाडु में हारना ही है. नक्की कर के रखिए.’ उन्होंने कहा, ‘2029 में फिर एक बार पीएम मोदी के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार बनेगी. इसकी वजह बीजेपी के सिद्धांत हैं, जिनसे जनता जुड़ी हुई है.’
बीजेपी के हर फैसले का कांग्रेस ने विरोध किया’
गृह मंत्री ने कहा, ‘बीजेपी ने राम मंदिर बनाया, तो कांग्रेस ने विरोध किया. पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक हुई, तब भी विरोध हुआ. एयरस्ट्राइक पर भी कांग्रेस ने विरोध किया. बांग्लादेशी घुसपैठियों को हटाने की बात आई, तो उसका भी विरोध किया गया. काशी का नया मंदिर बना, तब भी विरोध हुआ. कश्मीर से धारा 370 हटाई गई, तब भी कांग्रेस ने विरोध किया. तीन तलाक खत्म किया गया, तब भी विरोध हुआ. कॉमन सिविल कोड लाए गए, तो उसका भी विरोध किया गया.’
राहुल बाबा को समझाने की मेरी क्षमता नहीं’
अमित शाह ने कहा, ‘जनता को जो-जो पसंद है, राहुल गांधी और कांग्रेस उसका विरोध करते हैं, फिर वोट कैसे मिलेंगे.’ उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘राहुल बाबा को समझाने की उनकी क्षमता नहीं है, क्योंकि जिन्हें उनकी खुद की पार्टी नहीं समझा पाई, उन्हें वे कैसे समझा पाएंगे.’
![]()