सीएम योगी ने राम की पैड़ी पर की मां सरयू की आरती, 26 लाख दीपों से जगमग हुई अयोध्या

रामनगरी अयोध्या में 9वां दीपोत्सव मनाया जा रहा है. राम की पैड़ी समेत सरयू तट पर बने 56 घाटों पर 28 लाख से अधिक दीप जलाए गए हैं. इनमें 26 लाख 11 हजार 101 प्रज्ज्वलित दीयों का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना है. गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम इस कीर्तिमान को दर्ज करने के लिए खुद अयोध्या में मौजूद रही. इससे पहले यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचे. उन्होंने यहां पुष्पक विमान रूपी हेलीकॉप्टर से राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के स्वरूपों का रामकथा पार्क हेलीपैड पर अगवानी की.

यहां राम जानकी की वंदना के साथ भरत मिलाप भी हुआ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामकथा पार्क के मंच पर श्रीराम का राजतिलक किया. श्रीराम राज्याभिषेक समारोह के दौरान रामकथा पार्क जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा. सीएम योगी ने श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और गुरु वशिष्ठ का भी तिलक कर माल्यार्पण किया और आरती उतारी. इसे बाद मुख्यमंत्री योगी ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन किए.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दीपोत्सव में राम की पैड़ी पर मां सरयू की आरती की.

अयोध्या दीपोत्सव में राम की पैड़ी समेत सरयू तट के सभी 56 घाटों पर दीपक प्रज्ज्वलित किए जा रहे हैं, 15 मिनट के अंदर 28 लाख दीये जलाए जाने हैं. इस काम में राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के 32,000 स्वयंसेवक लगे हैं.

अयोध्या में राम की पैड़ी पर दीप प्रज्ज्वलन शुरू हो गया है. कुछ ही देर में सरयू तट के सभी 56 घाटों पर 26 लाख से अधिक दीये प्रज्ज्वलित हो जाएंगे. इसके बाद लेजर एंड लाइट शो शुरू होगा

– योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा, ‘आज प्रदेश में कानून का राज है. पहले त्योहारों के समय दंगे होते थे. पहले लोग सोच नहीं सकते थे कि प्रदेश में शांति हो भी सकती है. आठ साल के बाद यूपी माफियाराज और गुंडाराज से मुक्त हो चुका है. अब प्रदेश के सामने पहचान का संकट नहीं है. अब अपराधी भयभीत हैं. किसान खुशहाल हैं. युवाओं के लिए अवसर हैं और महिलाएं सुरक्षित महसूस करती हैं. हर हृदय में उत्साह और उमंग है.’
– सीएम योगी ने कहा, ‘हर दीप हमें याद दिलाता है कि सत्य परेशान हो सकता है लेकिन पराजित नहीं हो सकता. सत्य की नियति होती है विजयी होने की. विजयी होने की उस नियति के साथ सनातन धर्म लगातार 500 वर्षों तक संघर्ष करता रहा. उन संघर्षों की परिणति स्वरूप अयोध्या में भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण हुआ.’
– मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दीपोत्सव के मौके पर अपने संबोधन में बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, ‘जो लोग राम भक्तों पर गोलियां चलवाते हैं वो राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा मे नहीं आते हैं. उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर ना बने इसके लिए अधिवक्ता खड़े किए. उन्होंने गोली चलाई, हम दीप जला रहे हैं. उन्होंने अयोध्या को फैजाबाद बनाया था, हमने फिर से अयोध्या बना दिया.’

– अयोध्या दीपोत्सव के अवसर पर बोलते हुए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘ये दीपक केवल दीपक नहीं हैं; ये दीपक 500 वर्षों के अंधकार पर आस्था की विजय के प्रतीक भी हैं. ये दीपक इस बात के प्रतीक हैं कि उन 500 वर्षों में हमें किस प्रकार का अपमान सहना पड़ा और हमारे पूर्वजों को किस प्रकार के संघर्ष करने पड़े. उस समय भगवान श्री राम एक तंबू में विराजमान थे और अब, जब दीपोत्सव का 9वां संस्करण मनाया जा रहा है, भगवान राम अपने भव्य और दिव्य मंदिर में विराजमान हैं.’
– अयोध्या के श्री रामकथा पार्क में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन का प्रारंभ जय श्रीराम और सरयू मैया की जय के नारों से किया. उन्होंने सभी सनातनियों को दीपोत्सव 2025 की बधाई दी. सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या एक ऐसी नगरी है, जहां धर्म मानव स्वरूप में उत्पन्न हुआ है. उन्होंने कहा कि हमने 2017 में अयोध्या में दीपोत्सव का शुभारंभ किया और सभी के सहयोग से दीपोत्सव की परंपरा प्रारंभ हुई. आज यह आयोजन अपनी भव्यता के लिए जाना जाने लगा है.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *