कमरे में प्रेमी के साथ थी बहन, भाइयों ने पहले दोनों को मारा फिर बोरे में भरकर कर दिया दफन

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. पाकबड़ा थाना क्षेत्र के उमरी सब्जीपुर गांव में 19 वर्षीय काजल सैनी और 27 वर्षीय मोहम्मद अरमान की बेरहमी से हत्या कर दी गई. दोनों अलग-अलग समुदाय के थे और पिछले दो साल से इनके बीच प्रेम संबंध था. पुलिस के अनुसार अरमान काजल से मिलने उसके भाइयों के घर गया था. इसी दौरान काजल के भाइयों ने उसे पकड़ लिया और दोनों की पीट-पीटकर हत्या कर दी. आरोप है कि एक भाई ने फावड़ा लाकर अरमान पर वार किया और काजल को भी उसी तरह मार डाला. इसके बाद शवों को बोरियों में भरकर गगन नदी के किनारे एक मंदिर के पास दफना दिया गया.

काजल सैनी और मोहम्मद अरमान के घरों के बीच महज कुछ सौ मीटर की दूरी थी. सैनी और मुस्लिम आबादी वाला यह गांव वर्षों से आपसी भाईचारे के लिए जाना जाता रहा है और यहां कभी सांप्रदायिक तनाव का इतिहास नहीं रहा. लेकिन अब यह भरोसा टूट चुका है. बुधवार को काजल और अरमान के शव गांव के पास एक नदी किनारे दफन हालत में मिले. पुलिस के अनुसार, दोनों की हत्या काजल के भाइयों ने उनके रिश्ते का पता चलने के बाद की.गांव के एक बुजुर्ग सैनी समुदाय के व्यक्ति ने कहा, “पिछले 50 साल में हमारे बीच कभी कोई बड़ा झगड़ा नहीं हुआ. हम साथ दावत खाते थे, बहुत भाईचारा था. पता नहीं गांव को किसकी नजर लग गई. पुलिस ने काजल के भाइयों राजाराम, सतीश और रिंकू सैनी को गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि सोमवार तड़के दोनों को पीट-पीटकर मार डाला गया. जिस दो मंजिला मकान में हमला हुआ, वह अब वीरान पड़ा है.काजल उसी रात अपने भाइयों के साथ वहीं रुकी थी, जबकि माता-पिता खेतों के पास रहते हैं. अरमान के बड़े भाई फरमान अली ने बताया कि अरमान चार महीने पहले ही सऊदी अरब से लौटा था, जहां वह केएफसी में काम करता था. लौटने के बाद वह गांव में फर्नीचर बनाने का काम शुरू कर रहा था. काजल बारहवीं तक पढ़ी थी और गांव के एक स्कूल में बच्चों को पढ़ाती थी.

एसएसपी मुरादाबाद सतपाल अंतिल के मुताबिक, दोनों पिछले करीब दो साल से रिश्ते में थे, लेकिन गांव वालों को इसकी भनक तक नहीं लगी. पुलिस के अनुसार, रविवार रात अरमान काजल से मिलने उसके भाइयों के घर पहुंचा था. इसी दौरान एक भाई ने उसे देख लिया और बाकी भाइयों को बुला लिया. इसके बाद तीनों ने कमरे में घुसकर दोनों की बेरहमी से पिटाई की. आरोप है कि एक भाई ने फावड़ा लाकर अरमान पर वार किया, जिससे वह खून से लथपथ होकर बेहोश हो गया. काजल मदद के लिए बाहर भागी, लेकिन भाइयों ने उसे पकड़कर फावड़े से वार कर दिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई. इसके बाद तीनों ने शवों को बोरियों में भरकर गगन नदी के किनारे एक मंदिर के पास दफना दिया. पुलिस को मामले की जानकारी तब हुई जब अरमान के परिजनों ने मंगलवार को उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. उसी दिन काजल के परिजनों ने भी गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाई, लेकिन पुलिस के मुताबिक उन्होंने जांच को गुमराह करने की कोशिश की और दावा किया कि अरमान काजल को अगवा कर धर्म परिवर्तन के बाद शादी करने वाला था. अरमान के घर के बाहर एक पुलिसकर्मी तैनात है. फरमान अली का कहना है कि परिवार को रिश्ते की जानकारी हाल ही में हुई थी. “हम सब त्योहार साथ मनाते थे. जब 20 जनवरी को अरमान नहीं मिला, तभी अनहोनी का डर लगा. लेकिन ऐसा अंत होगा, यह कभी सोचा भी नहीं था.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *