ट्रंप ने दुनिया को दिखाया गाजा का नया नक्शा, इजरायल ने माना अब हमास की बारी, शांति पर फंसा पेच

गाजा में चल रहे संघर्ष के बीच अब एक उम्मीद की किरण दिख रही है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा से इजरायली सेना की वापसी का नया नक्शा जारी किया है, जिस पर इजरायल तैयार है और अब हमास को इस पर सहमति जतानी है. इस बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेन्जामिन नेतन्याहू ने कहा है कि वे आने वाले कुछ दिनों में गाजा में बंदी बनाए गए बंधकों की रिहाई का ऐलान कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि ‘हमास को डिसआर्म किया जाएगा और गाजा को हथियारमुक्त किया जाएगा. चाहे आसान रास्ते से या मुश्किल से, लेकिन यह होगा जरूर.’ यह बयान ऐसे समय आया है जब हमास ने अमेरिकी शांति प्रस्ताव के तहत बंधकों को छोड़ने पर सहमति जताई है, लेकिन हथियार डालने की बात पर कुछ नहीं कहा. इस बीच हमास ने यह भी आरोप लगाया कि इजरायल अब भी गाजा पर हमले कर ‘नरसंहार’ कर रहा है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इजरायल पर दबाव डालने की मांग की.

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमास को चेतावनी देते हुए कहा, ‘अगर वे जल्दी समझौता नहीं करते तो सब खत्म हो जाएगा. चलो, इसे फटाफट निपटाते हैं.’ ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर बताया कि इजरायल ने शुरुआती वापसी रेखा पर सहमति दी है, यानी इजरायली सैनिक धीरे-धीरे गाजा के कुछ हिस्सों से पीछे हट सकते हैं. अमेरिका की 20 सूत्रीय योजना के अनुसार, लड़ाई तुरंत रोकी जाएगी और 20 जिंदा इजरायली बंधकों और मृतकों के शवों को छोड़ा जाएगा. बदले में सैकड़ों फिलिस्तीनियों को जेल से रिहा किया जाएगा.

ट्रंप ने शेयर किया नया नक्शा

ट्रंप ने शांतिवार्ता से जुड़ा एक नक्शा शेयर किया है. इसके, इजरायली सेना गाजा के दक्षिणी हिस्से में 6.5 किलोमीटर, मध्य गाजा में 2 किलोमीटर और उत्तरी हिस्से में 3.5 किलोमीटर तक तैनात रहेगी. यह पिछली शर्तों की तुलना में कहीं गहराई तक नियंत्रण दिखाता है, जिसे हमास ने पहले ठुकरा दिया था. ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘बातचीत के बाद, इजरायल वापसी की शुरुआती रेखा पर सहमत हो गया है, जिसे हमने हमास को दिखाया और उसके साथ साझा किया है.’

ट्रंप ने आगे लिखा, ‘जब हमास इस पर तैयार हो जाएगा, तो युद्धविराम तुरंत प्रभावी हो जाएगा. बंधकों और कैदियों की अदला-बदली शुरू हो जाएगी, और हम वापसी के अगले चरण के लिए परिस्थितियां तैयार करेंगे, जो हमें इस 3,000 साल की तबाही के अंत के करीब ले जाएगा.’ इसी बीच, इजरायली सेना ने बयान जारी कर बताया कि उसने ‘बंधकों की रिहाई की पहली चरण की तैयारी तेज कर दी है’ और सैनिकों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.

मिस्र में होगी शांति वार्ता

गाजा के कई नागरिकों को लगता है कि यह ‘ऐतिहासिक मौका’ है, जबकि कुछ का मानना है कि ‘यह हमास के लिए जाल साबित हो सकता है’. गाजा में हाल के हवाई हमलों के कारण 66 लोगों की मौत हुई है. अब तक की गिनती के अनुसार, इस युद्ध में 67,000 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं और गाजा की 90% से अधिक इमारतें तबाह हो चुकी हैं. अब सबकी नजरें सोमवार को होने वाली मिस्र में शांति वार्ता पर हैं.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *