अहमदाबाद: जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान एक हाथी हुआ बेकाबू, पहुंची वन विभाग की टीम

अहमदाबाद में रथ यात्रा जुलूस के दौरान शुक्रवार को शोर-शराबे की वजह से एक हाथी बेकाबू हो गया। वह बैरिकेड तोड़कर एक संकरी गली में घुस गया। इस दौरान एक शख्स को चोटें आईं हैं। समय रहते हाथी को शांत कर दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। शहर के कांकरिया चिड़ियाघर के अधीक्षक आरके साहू ने बताया कि दो अन्य हाथियों पर सवार महावत हाथी का पीछा करते रहे और उसे नियंत्रित करते रहे, ताकि जुलूस अपने निर्धारित मार्ग पर सुचारू रूप से आगे बढ़ सके।

घायल व्यक्ति को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया

पुलिस उपायुक्त (नियंत्रण कक्ष) कोमल व्यास ने बताया, ‘खाड़िया इलाके में एक हाथी के उत्पात मचाने और संकरी गली में घुस जाने से एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल व्यक्ति को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जुलूस तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रहा है।’

दिन में 16 किलोमीटर की दूरी तय करता है जूलूस

400 साल पुराने जगन्नाथ मंदिर से शुरू हुआ भव्य जुलूस के पुराने शहर से होते हुए रात 8 बजे तक वापस आने की उम्मीद है। जुलूस में आमतौर पर 17 हाथी, 100 ट्रक और 30 अखाड़े (स्थानीय व्यायामशालाएं) होते हैं। यह दिन में 16 किलोमीटर की दूरी तय करता है। आरके साहू ने कहा कि इन हाथियों में से केवल एक नर है। आरके साहू के पास ही इन हाथियों के स्वास्थ्य की जांच करने और कार्यक्रम से पहले फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करने की जिम्मेदारी थी। साहू ने कहा, ‘जब जुलूस खड़िया गेट पर पहुंचा, तो हाथी अचानक तेज संगीत और सीटी की आवाज की वजह से बेकाबू हो गया। वह भागने लगा और निर्धारित मार्ग से भटक गया।’

 वायरल वीडियो ने मचाई सनसनी

उन्होंने कहा कि दो हाथियों पर सवार महावतों ने उग्र हाथी का पीछा किया और उसे काबू किया। वायरल वीडियो में हाथी को एक संकरी गली में घुसने से पहले एक बैरिकेड तोड़ते और भीड़ में भागते हुए देखा जा सकता है। साहू ने कहा कि हाथी को बिना किसी ट्रैंक्विलाइजर की मदद के तुरंत काबू में कर लिया गया। उन्होंने कहा कि कांकरिया चिड़ियाघर, वन विभाग और पशु चिकित्सक हाथियों पर कड़ी नजर रख रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘तीन टीमों को ट्रैंक्विलाइजिंग गन के साथ मार्ग पर तैनात किया गया है।’

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *