तीन लेयर की हाई सिक्योरिटी में होगी अमरनाथ यात्रा, चप्पे-चप्पे पर पहरा, जानिए कब होगी शुरू

श्री अमरनाथ यात्रा 2025 की शुरुआत 3 जुलाई से होने जा रही है। इससे पहले जम्मू-कश्मीर प्रशासन और सुरक्षा बलों ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। जम्मू पुलिस ने यात्रियों को सख्त चेतावनी दी है कि वे अकेले यात्रा न करें, बल्कि सिर्फ आधिकारिक काफिले के साथ ही आगे बढ़ें।
पुलिस ने तीर्थयात्रियों को अहम सलाह भी दी है। जम्मू पुलिस की ओर से जारी सलाह में कहा गया- ‘तीर्थयात्री केवल संरक्षित और संगठित काफिले के साथ यात्रा करें, स्वतंत्र रूप से यात्रा करने से परहेज करें। अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित मार्गों का पालन करें।’ जारी पोस्ट में स्पष्ट रूप से बताया गया कि SANJY2025 के तहत जारी निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है।

सुरक्षा एजेंसियां मुस्तैद, मॉक ड्रिल्स भी हुई

कश्मीर पुलिस प्रमुख वी.के. बिरदी ने भी इसपर कहा कि, अमरनाथ यात्रा के लिए बहुस्तरीय और जोनल सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उन्होंने बुधवार को पहलगाम स्थित नुनवान आधार शिविर का दौरा किया और तैयारियों की समीक्षा की। जिसके बाद कहा कि सभी सुरक्षा एजेंसियों ने एक साथ मिलकर गहन अभ्यास और मॉक ड्रिल्स आयोजित की हैं।

स्थानीय लोगों का सहयोग अहम- कश्मीर पुलिस

कश्मीर पुलिस प्रमुख वी.के. बिरदी ने कहा कि यात्रा को सफल बनाने में स्थानीय समुदाय की भूमिका अहम रही है। बिना स्थानीय सहयोग के इस यात्रा का आयोजन संभव नहीं। इस बार भी लोग सेवा के लिए तैयार हैं। 

38 दिनों तक चलेगी तीर्थयात्रा 

यह पवित्र यात्रा 38 दिन तक चलेगी और श्रावण पूर्णिमा (19 अगस्त) को रक्षाबंधन के साथ समाप्त होगी। इस दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पवित्र गुफा तक पहुंचने की उम्मीद है। अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले सुरक्षा एजेंसियां पूरी मुस्तैदी के साथ तैयार हैं। तीर्थयात्रियों से अपील है कि वह दिशा-निर्देशों का पालन करें और आधिकारिक काफिले के साथ ही यात्रा करें ताकि यह पवित्र यात्रा सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *