गुजरात के दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय रूपाणी का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार राजकोट में पूरा हो गया है. इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल समेत प्रदेश बीजेपी के कई बड़े नेता मौजूद रहे.
उनका पार्थिव शरीर राजकोट पहुंचने पर हजारों लोगों ने उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दी. छह किलोमीटर लंबे यात्रा में हजारों की संख्या में लोग और बीजेपी के नेता-कार्यकर्ता शामिल हुए. अंतिम यात्रा से पहले विजय रूपाणी की पत्नी अंजलि रूपाणी ने पुष्पांजलि देकर श्रद्धांजलि दी. इस दौरान वह भावुक हो गईं और बेटे से लिपट कर रो पड़ीं.
विजय रूपाणी का परिवार पार्थिव शरीर के पास बैठकर उन्हें अंतिम विदाई देते हुए (फोटो क्रेडिट – पीटीआई)
पूर्व मुख्यमंत्री के अंतिम दर्शन के लिए हजारों लोग सड़कों पर एकत्रित हुए और पुष्पांजलि देकर अपने नेता को अंतिम विदाई दी.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विजय रूपाणी को श्रद्धांजलि दी. इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल समेत प्रदेश बीजेपी के सभी बड़े नेता मौजूद थे.
एअर इंडिया विमान हादसे में गई थी विजय रूपाणी की जान
विजय रूपाणी की जान 12 जून को अहमदाबाद में एअर इंडिया विमान हादसे के दौरान गई. वह अपने परिवार से मिलने के लिए विमान में लंदन जा रहे थे. इस दौरान विमान हादसे का शिकार हो गया और उनकी मौत हो गई.
![]()