5 MBBS स्टूडेंट, 1 PG रेजिडेंट डॉक्टर, सुपरस्पेशलिस्ट की पत्नी… डॉक्टर्स हॉस्टल में मारे गए लोगों की डिटेल

गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को एअर इंडिया का एक विमान उड़ान भरने के तुरंत बाद ही हादसे का शिकार हो गया. दुर्घटनाग्रस्त हुआ यह विमान लंदन जा रहा था. इस विमान में 230 यात्रियों समेत कुल 242 लोग सवार थे. इस हादसे में एक यात्री ब्रिटिश नागरिक विश्वास रमेश कुमार सुरक्षित बच गए हैं, बाकी 241 लोगों की मौत हो गई है. आधिकारिक जानकारी के मुताबिक इस हादसे में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 265 पहुंच गया है. इस विमान में 242 लोग सवार थे, जिनमें से एक यात्री बच गया है. हादसे में जान गंवाने वाले 24 अन्य लोग कौन हैं?

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक विमान हादसे में कम से कम पांच एमबीबीएस के छात्र, एक पीजी रेजिडेंट डॉक्टर और बीजे मेडिकल कॉलेज अहमदाबाद के सुपरस्पेशलिस्ट डॉक्टर की पत्नी की भी मौत हुई है. हालांकि, इन सबकी अधिक डिटेल अभी सामने नहीं आई है. फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) ने यह भी दावा किया है कि इस हादसे में 60 से अधिक मेडिकल छात्र घायल हुए हैं. FAIMA के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉक्टर दिव्यांश सिंह ने कहा कि हादसे वाली जगह पर मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है और सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है.
डॉक्टर सिंह ने यह भी कहा कि जो शव मिले हैं, वह पूरी तरह से जले हुए हैं. गौरतलब है कि एअर इंडिया के विमान बोइंग 787-8 विमान ने अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से गुरुवार की दोपहर 1 बजकर 38 मिनट पर लंदन के लिए उड़ान भरी थी. उड़ान भरने के तुरंत बाद यह विमान हादसे का शिकार हो गया और एयरपोर्ट से कुछ ही दूरी पर स्थित मेघानीनगर के एक मेडिकल कॉलेज परिसर में गिर आग का गोला बन गया. FAIMA की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि विमान संतुलन खोने के बाद बीजे मेडिकल कॉलेज के लड़कों के छात्रावास की इमारत पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

FAIMA ने कहा है कि जिस समय यह हादसा हुआ, वह दोपहर के भोजन का समय था. मौके पर दोपहर के भोजन के लिए अधिकतर छात्र और रेजिडेंट डॉक्टर मौजूद थे. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने भी हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है. गौरतलब है कि एअर इंडिया के इस विमान में 12 क्रू मेंबर और 230 यात्री, कुल 242 लोग सवार थे. यात्रियों में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और कनाडा का एक नागरिक शामिल था. गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के पंजाब, चंडीगढ़ प्रभारी विजय रुपाणी भी सवार थे.

ब्लैक बॉक्स की तलाश जारी

विमान हादसे के बाद मौके पर सर्च ऑपरेशन जारी है. रेस्क्यू टीमों को विमान के ब्लैकबॉक्स, फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर की तलाश है. इनके मिलने के बाद ही यह खुलासा हो सकेगा कि हादसे से पहले अंतिम पलों में क्या हुआ था. इससे पहले, हादसे के अगले ही दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सुबह-सुबह अहमदाबाद पहुंचे. पीएम मोदी ने हादसे वाली जगह पर जाकर दुर्घटना के संबंध में जानकारी ली और सिविल अस्पताल पहुंचकर जीवित बचे एक मात्र यात्री से भी मुलाकात की.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *