जब सेना का खून खौल रहा, देश गुस्से से उबल रहा, तब हिंदू- मुस्लिम पॉलिटिक्स क्यों कर रहे रॉबर्ट वाड्रा?

नई दिल्ली. कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में टूरिस्टों पर आतंकियों के कायराना हमले के बाद पूरे देश में गुस्से का माहौल है. पूरे देश हर कोई 28 भारतीयों की मौत के कारण सदमे और गुस्से में जल रहा है. इस जघन्य हत्याकांड का बदला लेने के लिए सेना का खून उबल रहा है. पीएम नरेंद्र मोदी सऊदी अरब का दौरा बीच में ही छोड़कर वापस लौट आए हैं और सुरक्षा मामलों पर लगातार हाई लेवल बैठक कर रहे हैं. ऐसे में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने ऐसा अजीब बयान दिया है कि हर कोई सकते में आ गया है.

‘मुसलमानों के साथ भेदभाव’

रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि ‘ये बहुत कमजोर तरीका उन्होंने अपनाया है… निहत्थे लोगों पर वार करना गलत है. मुझे हमेशा लगा है, ये मेरी सोच है, कांग्रेस या मेरे परिवार की नहीं है, लोगों से मैं सीखता हूं… जो गलत हो रहा है मुसलमानों के साथ… जो लोग रोड पर आके नमाज पढ़ते हैं उनको रोक दिया जाता है. अगर सर्वे हो रहा है, जैसे संभल में हो रहा है या आप बाबर और औरंगजेब की बात करते हैं तो माइनॉरिटी को दुःख होता है. लेकिन जब तक धर्म और राजनीति को अलग नहीं करते, तो जो गलत आतंकवाद का अटैक हुआ है वो होगा. जो सबूत है कि उन्होंने ID देखा वो कहां से हो रहा है. क्यूंकि उनको लगता है की मुसलामानों को दबाया जा रहा है. जो माइनॉरिटी अलग हो रहे हैं वो हानिकारक है, भेदभाव नहीं होना चाहिए…’

निशिकांत दूबे का हमला

  इस मुद्दे पर बीजेपी के निशिकांत दूबे ने हमला बोला और कहा कि ‘दुख की इस घड़ी में भी गांधी परिवार को मुसलमान दिखता है,कांग्रेस की इसी मानसिकता ने आज देश में नफ़रत का पौधा अंकुरित कर दिया है. भारत सनातन धर्म के कारण ही कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक है. भारत प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मजबूत और कामयाब है और होगा ही. आतंकवादी व उनके संरक्षक मारे जाएंगे, भारत के बाहर बैठे दुश्मन और मुसलमानों को भड़काने वाले देश के अंदर के दुश्मन नेस्तनाबूद होंगे.’

रॉबर्ट वाड्रा पर बीजेपी का हमला

रॉबर्ट वाड्रा पर बीजेपी प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने जोरदार हमला बोला है. उन्होंने कहा कि पहलगाम में 28 निर्दोषों का कत्लेआम कर दिया गया. निर्दोषों का खून अभी सूखा भी नहीं था और कांग्रेस के दामाद का हाथ जिहादियों के समर्थन में खड़ा हो गया. इसको हिंदुत्व से जोड़कर आतंकवादियों की कार्यवाही को न्यायोचित ठहराने का काम कर रहे हैं. वहीं बीजेपी की आईटी मीडिया सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि ‘चौंकाने वाला! सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा बेशर्मी से एक आतंकवादी कृत्य का बचाव करते हैं, आतंकवादियों की निंदा करने के बजाय उन्हें कवर देने की पेशकश करते हैं. वह यहीं नहीं रुकता, बल्कि पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा किए गए अत्याचारों के लिए भारत पर दोष मढ़ देता है.’

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *