एक गुंडा बरेली में भी दंगा करवाता था’, CM योगी बोले- आज नाक रगड़वा रही सरकार

अंबेडकरनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले दंगाइयों के सामने सपा सरकार घुटने टेकती थी. उन्होंने संभल का जिक्र करते हुए कहा कि एक व्यक्ति ने दंगा कराने का प्रयास किया, लेकिन सरकार ने उसके खिलाफ कार्रवाई की. 
सीएम  ने कहा कि बरेली में भी एक व्यक्ति दंगा करवाता था और लगातार अव्यवस्था पैदा करता था. उन्होंने कहा कि जब उसने एक बार धमकी दी तो प्रशासन थोड़ा सहमा, लेकिन उन्होंने कहा कि चिंता मत करो, तैयारी करो और एक बार में निपटो. योगी ने कहा कि आज वही मौलाना जेल में कष्ट उठाकर नाक रगड़ रहा है और कह रहा है, ‘साहब, जान बख्श दो, आगे से गलती नहीं करेंगे, दंगा नहीं करेंगे.’

उन्होंने कहा कि पहले दंगाइयों को मुख्यमंत्री आवास पर बुलाकर सम्मानित किया जाता था, जबकि अब दंगा कराने की धमकी देने वालों से सख्ती से निपटा जाता है. अंबेडकरनगर में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज अगर कोई दंगा कराने की धमकी देता है तो सरकार उससे निपटने के लिए तैयार है.

सिद्धार्थनगर में कांग्रेस पर साधा निशना

वहीं, सिद्धार्थनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने सवाल किया कि उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा समय तक शासन करने का मौका मिलने के बावजूद उन्होंने युवाओं के लिए ऐसा क्या किया कि युवा उनके साथ जाएं.

पहचान का संकट खड़ा किया

योगी ने कहा कि कांग्रेस ने देश के और समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा किया. उन्होंने कहा कि उग्रवाद, आतंकवाद, उपद्रव और दंगों का सबसे ज्यादा असर युवाओं पर पड़ता है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के युवाओं को अच्छी शिक्षा, स्किलिंग, रोजगार और उद्यमिता चाहिए. उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में देश में 17 करोड़ लोगों को रोजगार मिला है. उत्तर प्रदेश समेत देशभर में 17 हजार स्किलिंग सेंटर चल रहे हैं और 15 हजार से ज्यादा ITI में युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है. योगी ने कहा कि 2014 में देश में 431 मेडिकल कॉलेज थे, जो 2025 में बढ़कर 818 हो गए. वहीं, 2014 में देश में सिर्फ 7 AIIMS थे, जबकि मोदी सरकार में इनकी संख्या बढ़कर 23 हो गई है.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *