ग्वालियर जिले में गुरुवार से महिला सशक्तिकरण की अनूठी पहल ‘शक्ति दीदी’ की शुरुआत हुई। इस योजना के तहत महिलाओं को पेट्रोल पंप पर फ्यूल डिलीवरी वर्कर के रूप में काम करने का अवसर दिया गया है। कंपू के ईदगाह स्थित सुविधा पेट्रोल पंप पर से कलेक्टर रुचिका चौहान ने योजना का शुभारंभ किया। 2 जनवरी को ग्वालियर के 5 पेट्रोल पंप पर ‘शक्ति दीदी’ योजना का शुभारंभ हुआ। बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा और कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देशन में यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से की गई है।
कलेक्टर चौहान ने पेट्रोल पंप पर ‘शक्ति दीदी’ के साथ ग्राहक की गाड़ी में पेट्रोल भी डाला। इसके साथ ही महिला से बातचीत कर उसकी हौसला अफजाई भी की। इसके पश्चात कलेक्टर ने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज भी चेक किया। कलेक्टर रुचिका चौहान के साथ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव, भारत पेट्रोल पंप के मैनेजर भी मौजूद रहे।
सुविधा और सुरक्षा
यहां काम करने वाली महिलाओं को प्रशिक्षण, वेतन, बीमा, और भविष्य निधि जैसी सुविधाएं मिलेंगी। उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस गश्ती और निगरानी का प्रबंध रहेगा। यह योजना महिलाओं के लिए नए रोजगार अवसर प्रदान करने के साथ उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रेरणादायक कदम है।
महिला बोली मेरा जॉब लगा है अब मैं अपने बच्चे की अच्छी तरह से देखभाल कर पाऊंगी
पेट्रोल पंप पर काम के पहले दिन की शुरुआत करने वाली कोटेश्वर चंदन नगर निवासी मीणा जाटव ने बताया कि कलेक्टर मैडम ने पेट्रोल पंप पर मेरी जॉब लगवाई है। मीना ने कहा कि पति ने उसे छोड़ रखा है। पिछले 4 साल से वह अपने तीन साल के बच्चे के साथ माता-पिता के घर रह रही है। उसकी डिलीवरी भी उसके माता-पिता के घर पर ही हुई है, उसका पति उसे मारता-पीटता था। लेकिन अब उसकी जॉब लग गई है, तो अब वह अपने और अपने बच्चे का अच्छी तरह से ख्याल रख सकेगी।
![]()