अजय माकन पर 24 घंटे में हो ऐक्शन; भड़की AAP का कांग्रेस को अल्टिमेटम, 3 वजहें बताईं

दिल्ली में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) कांग्रेस पर तमतमा गई है। पार्टी ने इसके पीछे तीन वजहें गिनाते हुए 24 घंटे का अल्टीमेटम दे दिया है। कांग्रेस नेतृत्व से सफाई और अजय माकन पर 24 घंटे में ऐक्शन की डिमांड करते हुए ‘आप’ ने कहा है कि ऐसा नहीं हुआ तो ‘इंडिया’ गठबंधन के दूसरे घटक दलों से बात की जाएगी और कांग्रेस को बाहर करने की मांग की जाएगी।

आप’ के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पार्टी का रुख साफ किया और कांग्रेस से इस तरह की नाराजगी की वजहें बताईं। ‘आप’ का आरोप है कि अजय माकन ने अरविंद केजरीवाल को एंटी नेशनल कहा, कांग्रेस ने पार्टी मुखिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई और भाजपा के साथ मिलकर संदीप दीक्षित को नई दिल्ली से लड़ाया जा रहा है। ‘आप’ ने कांग्रेस पर अपमान का आरोप लगाकर कहा कि अब हद पार हो चुकी है।

संजय सिंह ने सबसे पहले अजय माकन के बयानों को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, ‘अजय माकन भाजपा की स्क्रिप्ट पढ़ते हैं, भाजपा के कहने पर बयान देते हैं। कल उन्होंने सारी हदें पार करके देश के लोकप्रिय नेता, दिल्ली के सबसे लोकप्रिय नेता, जो हमारी पार्टी के अगुआ हैं, उन्हें एंटीनेशनल कहा। केजरीवाल अगर एंटीनेशनल है तो वह दिल्ली के लोगों के लिए शिक्षा, पानी, रोजगार का इंतजाम कैसे कर रहे हैं। आज तक अजय माकन ने भाजपा के किसी नेता को एंटी नेशनल नहीं कहा। यह किस प्रकार का बयान है।’ उन्होंने 24 घंटे का अल्टिमेटम देते हुए कहा, ‘माकन के खिलाफ कार्रवाई करें वरना हम दूसरे घटक दलों से मांग करेंगे कि कांग्रेस को इंडिया गठबंधन से बाहर करे।’

राज्यसभा सांसद ने अरविंद केजरीवाल और आतिशी के खिलाफ पुलिस को दी गई शिकायत को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि कल एफआईआर दर्ज करा रहे हैं अरविंद केजरीवाल के खिलाफ। अरविंद केजरीवाल वह शख्स हैं जिन्होंने दिल्ली और चंडीगढ़ में कांग्रेस के लिए प्रचार किया। आम आदमी पार्टी लगातार संसद में कांग्रेस के साथ खड़ी रही और आप एफआईआर करा रही है यूथ कांग्रेस। आज तक भाजपा के खिलाफ कभी एफआईआर नहीं कराई। संजय सिंह ने कहा कि हरियाणा में ‘आप’ ने कांग्रेस के खिलाफ एक शब्द नहीं बोला।

संजय सिंह ने अपने तीसरे आरोप के तहत कहा कि ‘आप’ को नुकसान पहुंचाने के इरादे से प्रत्याशियों को उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी की सूची देखिए ऐसा लगता है भाजपा दफ्तर से आ रही है। ऐसे लोगों को चुनाव में उतारा जा रहा है जिनका मकसद सिर्फ और सिर्फ आम आदमी पार्टी को नुकसान पहुंचाना है। संदीप दीक्षित को कौन लड़ा रहा है अरविंद केजरीवाल के खिलाफ, कौन उन्हें लड़ा रहा है। अब सारी हदें पार हो चुकी हैं। अपमान का, एफआईआर का और एंटी नेशलन कहने का दुस्साहस कांग्रेस पार्टी ने किया है।’

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने संजय सिंह के बयानों को दोहराते हुए कहा कि कांग्रेस के बयानों से, कांग्रेस के ऐक्शन से यह साफ हो गया है कि दिल्ली के चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा से साठगांठ कर ली है। उन्होंने केजरीवाल के खिलाफ उम्मीदवार संदीप दीक्षित और मनीष सिसोदिया के खिलाफ कांग्रेस प्रत्याशी फरहाद सूरी का जिक्र करते हुए दावा किया कि उन्हें भाजपा चुनाव का खर्च दे रही है। उन्होंने कहा कि सूत्रों ने उन्हें यह जानकारी दी है।

आतिशी ने यह भी पूछा कि यदि कांग्रेस को लगता है कि केजरीवाल एंटी नेशनल हैं तो उनके साथ लोकसभा चुनाव क्यों लड़ी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ‘आप’ को हराने के लिए भाजपा से साठगांठ की है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है तो 24 घंटे के भीतर अजय माकन और यूथ कांग्रेस के खिलाफ ऐक्शन ले और बताए कि संदीप दीक्षित, फरहाद सूरी के चुनाव का पैसा कहां से आ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा ना होने पर इंडिया के घटक दलों से बात की जाएगी, अब कांग्रेस के साथ नहीं रहा जा सकता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *