बीजेपी ने शनिवार (19 अक्टूबर) की रात झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए 66 उम्मीदवारों की एक लिस्ट जारी की. इसके बाद से ही पार्टी के नेताओं में नाराजगी का दौर शुरू हो गया है. प्रत्याशियों के नाम की घोषणा के बाद ही पोटका से बीजेपी की पूर्व विधायक मेनका सरदार ने इस्तीफा दे दिया. अब वह निर्दलीय चुनाव लड़ सकती हैं.
मेनका सरदार अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट पोटका से तीन बार विधायक रह चुकी हैं. उन्होंने पोटका विधानसभा सीट पर साल 2000, 2009 और 2014 में चुनाव जीता था. मेनका सरदार के नाराजगी की वजह भी सामने आ रही है. माना जा रहा है कि वह मारी मुंडा के प्रत्याशी बनाए जाने से खफा हैं. हालांकि, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को दिए गए इस्तीफे में उन्होंने अपनी नाराजगी का जिक्र नहीं किया है. अब माना जा रहा है कि मेनका निर्दलीय चुनाव लड़ सकती हैं. इस पर भी अभी तक उनकी तरफ से आधिकारिक बयान नहीं आया है.
मात्र 25 शब्दों में दिया इस्तीफा
मेनका सरदार ने बीजेपी आलाकमान को जो इस्तीफा दिया है, उसमें ज्यादा कुछ न लिखते हुए बस इतना लिखा है, “मैं भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता के साथ ही तमाम पदों से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देती हूं. कृपया स्वीकार करने का कष्ट करेंगे. सधन्यवद, मेनका सरदार. पूर्व विधायक पोटका.”
मीरा मुंडा को पोटका से मिला टिकट
झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने जो कैंडिडेट लिस्ट जारी की है, उसमें 66 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गई है. इस लिस्ट में चंपाई सोरेन और बाबूलाल मरांडी आदि की सीट का ऐलान हो गया है. वहीं, अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा को पोटका से टिकट दिया गया है. मेनका सरदार इसी बात से नाराज बताई जा रही हैं.
कब हैं झारखंड विधानसभा चुनाव?
चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए शेड्यूल के अनुसार, झारखंड विधानसभा चुनाव दो चरणों में संपन्न कराए जाएंगे. झारखंड की 81 विधानसभा सीटों में से 43 पर पहले चरण का मतदान 13 नवंबर को होगा. वहीं, दूसरा चरण 20 नवंबर को 38 सीटों पर कराया जाएगा. इसके बाद 23 नवंबर को मतगणना के बाद राज्य में नई सरकार का ऐलान हो जाएगा.
![]()