ग्वालियर: भिंड ग्वालियर मार्ग पर वाहनों की कई किमी लंबी कतार लगी है। यहां नाराज मजदूरों का हाईवे पर प्रदर्शन चल रहा है, चक्का जाम कर दिया गया है। मौके पर कई थानों की पुलिस पहुंच चुकी है और वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर जाम खुलवाने की कोशिश कर रहे हैं।
गोहद में मानदेय बढ़ाने की मांग करते हुए मजदूरों ने यह चक्का जाम किया है। मजदूर एकत्रित होकर मालनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन कर रहे हैं। मजदूरों ने भिंड ग्वालियर हाईवे जाम कर दिया है।
मालनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह से लगा जाम अभी तक नहीं खुल सका है। इससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की कई किमी लंबी कतार लगी है। चक्का जाम में कई लोग 7 घंटों से फंसे हैं, गर्मी के कारण बच्चों—बुजुर्गों की हालत खराब हो रही है।
मजदूरों को समझाने के लिए विधायक केशव देसाई भी मौके पर पहुंचे। विधायक से प्रदर्शनकारियों ने दो टूक कहा कि हमने आपको जिताया, अब हमारा मानदेय बढ़वाएं। पुलिस ने बताया कि मजदूरों ने भारत मार्केट के सामने जाम लगा दिया है।