मोहन माझी होंगे ओडिशा के नए मुख्यमंत्री, BJP विधायक दल की मीटिंग में फैसला, 2 डिप्टी सीएम भी चुने गए आज लेंगे शपथ

ओडिशा का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, बीजेपी ने यह तय कर लिया है. मोहन माझी को राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनाया गया है. इनके अलावा दो डिप्टी सीएम भी बनाए गए हैं. छह बार के विधायक केवी सिंह देव और पहली बार विधायक बनीं प्रवती परिदा को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है.

मुख्यमंत्री के चयन के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था. दोनों केंद्रीय मंत्री सीएम के चयन के लिए ओडिशा पहुंचे थे. यहां विधायकों की मीटिंग हुई, जहां रक्षा मंत्री ने बताया कि मोहन माझी के नाम पर मुहर लगी.

मोहन माझी आज लेंगे सीएम पद की शपथ

मोहन माझी ने सरपंच ( 1997-2000) के रूप में अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था. वह पहली बार 2000 में क्योंझर से राज्य विधानसभा के लिए विधायक चुने गए थे. वह चार बार के विधायक हैं और लगातार क्योंझर सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. वह राज्य में बीजेपी के एक आदिवासी नेता हैं, जो अब मुख्यमंत्री के रूप में बुधवार को शपथ लेंगे. वह इस साल क्योंझर सीट पर बीजेडी के उम्मीदवार के खिलाफ 11,577 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है.

कौन हैं ओडिशा के दो डिप्टी सीएम?

ओडिशा के अगले डिप्टी सीएम केवी सिंह देव एक राजघराने से ताल्लुक रखते हैं. वह पटनागढ़ से आते हैं और छठी बार अपनी सीट जीते हैं. वह पहले बीजेपी-बीजेडी गठबंधन सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं. वहीं प्रवती परिदा निमापाड़ा से पहली बार विधायक बनी हैं. इससे पहले वे ओडिशा में बीजेपी की महिला विंग की अध्यक्ष रह चुकी हैं.

ओडिशा में पहली बीजेपी सरकार का नेतृत्व करेंगे मोहन माझी

मोहन चरण माझी ओडिशा के 15वें मुख्यमंत्री चुने गए हैं. वह राज्य में पहली बीजेपी सरकार का नेतृत्व करेंगे. वह 2019 में ओडिशा विधानसभा चुनाव में क्योंझर विधानसभा से विधायक चुने गए थे. उन्होंने साल 2000 से 2009 के दौरान दो बार क्योंझर का प्रतिनिधित्व भी किया था.

क्या बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह?

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि मोहन माझी को मुख्यमंत्री बनाए जाने के लिए सबसे पहले केवी सिंह ने हाथ उठाकर उनका नाम सुझाया. उन्होंने बताया कि बाकी सभी विधायकों ने भी तालियां बजाकर उन्हें सीएम बनाए जाने के फैसले का स्वागत किया. रक्षा मंत्री ने बताया कि इसलिए सर्वसम्मति से मोहन माझी को ओडिशा बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया.

राजनाथ सिंह ने कहा, “वह (मोहन माझी) एक युवा और गतिशील पार्टी कार्यकर्ता हैं जो ओडिशा के नए मुख्यमंत्री के रूप में राज्य को प्रगति और समृद्धि के मार्ग पर आगे ले जाएंगे. उन्हें बहुत-बहुत बधाई. साथ ही, यह भी निर्णय लिया गया है कि नई राज्य सरकार का नेतृत्व करने के लिए दो उप-मुख्यमंत्री नामित किए जाएंगे. केवी सिंह देव और प्रवती परिदा उप-मुख्यमंत्री के रूप में राज्य की सेवा करेंगे. उन्हें बधाई!”

ओडिशा विधानसभा चुनाव के नतीजे

ओडिशा में बीजेपी ने विधानसभा की 147 सीटों में 78 सीटों जीती हैं और अपने दम पर बहुमत हासिल की है. पहले अटकलें लगाई जा रही थी कि धर्मेंद्र प्रधान को हो सकता है कि बीजेपी सीएम बना दे, जो ओडिशा से पार्टी के सांसद हैं. हालांकि, उन्हें केंद्र में शिक्षा मंत्री बनाया गया है. इसके बाद सभी की निगाहें ओडिशा पर टिकी थी और अगला मुख्यमंत्री चुने जाने का इंतजार किया जा रहा था. इस बीच ब्रजराजनगर क्षेत्र से विधायक सुरेश पुजारी का नाम भी सामने आया था, जो दिल्ली भी आए थे. हालांकि, अब मुख्यमंत्री का चयन हो गया है, तो सभी अटकलों पर विराम भी लग गया.

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *