PGI में बीजेपी के पूर्व सांसद के बेटे के निधन पर निदेशक को चेतावनी, ब्रजेश पाठक ने दी पहली प्रतिक्रिया, जानें- क्या कहा?

यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पूर्व बीजेपी सांसद भैरों प्रसाद मिश्रा के बेटे की मौत पर दुख जताते हुए जांच की बात कही है. उन्होंने लखनऊ पीजीआई के निदेशक को चेतावनी जारी करते हुए जांच के आदेश दिए हैं. इस मामले को लेकर पूर्व सीएम और सपा चीफ अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार को घेरा था.

ब्रजेश पाठक ने सोमवार (30 अक्टूबर) को एक्स पर पोस्ट किया, “पीजीआई, लखनऊ में पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्रा जी के सुपुत्र के दु:खद निधन के संबंध में सरकार ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं. प्रथम दृष्टया जांच में दोषी पाए गए संबंधित चिकित्सक को संस्थान से कार्य मुक्त किया जा रहा है. भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति ना हो इस संबंध में निदेशक, पीजीआई को चेतावनी भी दी गई है.”

बीजेपी के पूर्व सांसद के बेटे की मौत

बीजेपी के पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्रा के बेटे प्रकाश मिश्रा की तबीयत खराब होने पर उनको लखनऊ के पीजीआई अस्पताल ले जाया गया था. आरोप है कि यहां उनको इलाज नहीं मिल पाया. पूर्व सांसद खुद वहां मौजूद डॉक्टरों से इलाज की गुजारिश करते रहे, लेकिन मौजूद डॉक्टरों ने उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया. भैरों प्रसाद मिश्रा 2014 में बांदा लोकसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर सांसद चुने गए थे. उनके बेटे प्रकाश (42) गुर्दे की बीमारी जूझ रहे थे. जिन्हें शनिवार रात को पीजीआई लाया गया था.

अखिलेश यादव का योगी सरकार पर निशाना 

पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मामले को लेकर योगी सरकार पर जोरदार हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी में जब सत्ताधारी बीजेपी के पूर्व सांसद के बेटे तक को इलाज नहीं मिल पा रहा है तो आम जनता के बारे में क्या कहना. 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *