गांववालों ने दी पांच संदिग्ध आतंकियों की खबर, सर्च ऑपरेशन में कठुआ से पाकिस्तानी घुसपैठिया गिरफ्तार

जम्मू के कठुआ इलाके में  नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास एक गांव से पाकिस्तानी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया गया है. अधिकारियों ने बताया कि कम से कम पांच लोगों की संदिग्ध गतिविधि का पता चलने के बाद कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया था.

अधिकारी ने कहा, इसी दौरान एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को जम्मू के बाहरी इलाके खौर के पल्लनवाला इलाके में नियंत्रण रेखा के पास खुई गांव से गिरफ्तार किया गया. पकड़े गए घुसपैठिए की पहचान जहीर खान के रूप में हुई है जो कराची का रहने वाला है.

पकड़ा गया पाकिस्तानी घुसपैठिया

अधिकारियों ने बताया कि एक पुलिस टीम ने उसे संदिग्ध तरीके से घूमते हुए देखा और उसे स्थानीय पुलिस चौकी ले जाया गया जहां उसने अपनी पहचान बताई और दावा किया कि वह अनजाने में सीमा पार कर आया है. उन्होंने कहा कि गिरफ्तार व्यक्ति के खिलाफ कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है.

अधिकारियों ने बताया कि कुछ ग्रामीणों ने भोजन की तलाश कर रहे पांच संदिग्ध आतंकवादियों की मौजूदगी को लेकर सूचना दी. इसके बाद कठुआ जिले में मंगलवार सुबह पुलिस, सेना और बीएसएफ ने राजबाग इलाके के जुथाना गांव में एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया.

पांच संदिग्ध आतंकियों के होने की मिली थी सूचना

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी), जम्मू क्षेत्र, आनंद जैन, बीएसएफ के महानिरीक्षक, जम्मू फ्रंटियर, डीके बूरा के साथ आतंकवाद विरोधी अभियान की निगरानी के लिए कठुआ पहुंचे. ग्रामीणों के मुताबिक, कम से कम पांच संदिग्ध आतंकवादियों का एक समूह एक घर में घुस गया और खाना मांग रहा था. उन्होंने बताया कि यह संदेह होने पर कि उनकी गतिविधियों के बारे में सुरक्षा बलों को सूचना दे दी गई है, वे घटनास्थल से भाग गए.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *