कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की दिल्ली में बैठकों का दौर लगातार जारी है. बुधवार को रात 11 बजे तक बैठक चली और गुरुवार सुबह 10 बजे से ही एक बार फिर से सीईसी की बैठक शुरू हो गई. लेकिन अब तक बची हुई सभी 86 सीटों को लेकर कोई सूची कांग्रेस जारी नहीं कर सकी है. हालांकि कांग्रेस से जुड़े सूत्र बता रहे हैं कि इन 86 में से 36 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम फाइनल कर लिए गए हैं लेकिन शेष 50 सीटों को लेकर अभी भी माथापच्ची चल रही है.
50 सीटों पर उम्मीदवारी तय करने को लेकर कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के बीच मतभेद की खबरें भी निकलकर सामने आई हैं. इनमें सबसे बड़ा नाम है कोलारस विधायक वीरेंद्र रघुवंशी, जिन्हें लेकर कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के बीच काफी विवाद भी सामने आ चुका है.
कमलनाथ वीरेंद्र रघुवंशी को शिवपुरी सीट पर टिकट देना चाहते हैं लेकिन दिग्विजय सिंह ने शिवपुरी सीट पर केपी सिंह को टिकट दिला दिया है. कमलनाथ का कहना है कि वीरेंद्र रघुवंशी को बीजेपी से तोड़कर इसलिए ही लेकर आए थे कि उनको कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ाएंगे लेकिन पहली सूची में उनका नाम गायब था.
दिमनी सीट पर बीजेपी प्रत्याशी और केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के सामने उम्मीदवारी के नाम को लेकर भी पेंच फंसा हुआ है. कांग्रेस का एक धड़ा चाहता है कि वर्तमान कांग्रेस विधायक रविंद्र सिंह तोमर को ही रिपीट किया जाए जबकि अन्य धड़ा चाहता है कि किसी नए तोमर चेहरे को नरेंद्र सिंह तोमर के सामने खड़ा किया जाए.
![]()