पति चौराहे पर खरीदता रहा मिठाई, दुल्हन शौच के बहाने फरार… आगरा में शादी के 5 दिन बाद बड़ा धोखा; लोडिंग में बैठ भाग गई नवविवाहिता

उत्तर प्रदेश के आगरा में जिस महिला के साथ सात फेरे लिए, उसी ने चौराहे पर पति को दगा दे दिया. शादी के महज पांच दिन बाद पगफेरे की रस्म निभाकर लौट रही नवविवाहिता रास्ते में पति को छोड़कर नकदी और जेवर लेकर फरार हो गई. पति मिठाई खरीदने के लिए दुकान पर रुका, तभी पत्नी ने शौच जाने का बहाना बनाया और कुछ ही देर में एक लोडिंग मैक्स वाहन में बैठकर मौके से निकल गई. अब पीड़ित पति ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है.

पिनाहट थाना इलाके में शादी के कुछ ही दिन बाद दुल्हन के फरार होने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. पीड़ित पति का आरोप है कि उसकी पत्नी लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेकर भाग गई. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मुरैना के दूल्हे को दिया चकमा

दरअसल, मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के पिपरई गांव निवासी गिर्राज सिंह की शादी 20 जुलाई को पिनाहट क्षेत्र की रहने वाली युवती से हुई थी. शादी के पांच दिन बाद पगफेरे की रस्म के लिए पत्नी अपने पति और ससुराल वालों के साथ मायके गई थी.
शाम करीब चार बजे रस्म पूरी होने के बाद परिवार पिनाहट से वापस लौट रहा था. रास्ते में नयागांव तिराहे पर पति शगुन की मिठाई खरीदने के लिए गाड़ी से उतर गया. उसने पत्नी से कहा कि वह परिजनों के साथ वहीं इंतजार करे.

लोडिंग वाहन में बैठकर चंपत

इसी दौरान नवविवाहिता ने शौच जाने की बात कहकर वहां से निकल गई. काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि महिला एक लोडिंग मैक्स वाहन में बैठकर अर्नोटा की ओर चली गई.
पीड़ित का आरोप है कि पत्नी अपने साथ शादी में मिले सभी सोने-चांदी के जेवर और नकदी भी ले गई. इतना ही नहीं, पुलिस के मुताबिक महिला पहले भी इसी तरह लापता हो चुकी है.
इस मामले में पति गिरराज सिंह की तहरीर पर पुलिस ने हाथरस के स्टेशन रोड क्षेत्र निवासी विनोद के खिलाफ समेत अन्य पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है.
इस संबंध में एसीपी पिनाहट ने फोन पर मौखिक तौर से जानकारी दी है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और महिला की तलाश के साथ-साथ सभी आरोपों की भी जांच की जा रही है.

पुलिस क्या कह रही है?

पुलिस के अनुसार, पीड़ित की शिकायत के आधार पर महिला की तलाश की जा रही है और मामले के हर पहलू की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि महिला किन हालातों में वहां से गई और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *