दतिया में नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों का बवाल, पत्थरबाजी में SP समेत 6 घायल, NH-44 पर 15 KM लंबा जाम

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए बीजेपी द्वारा टिकट की घोषणा करते ही इलाके में भारी बवाल मच गया है. पूर्व गृह मंत्री और कद्दावर बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने से नाराज उनके हजारों समर्थकों ने कल रात नेशनल हाईवे-44 (NH-44) को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया.
देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया और तड़के सुबह पुलिस पर भारी पथराव किया गया, जिसमें दतिया के एसपी मयूर खंडेलवाल और एडिशनल एसपी समेत 6 से अधिक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
दतिया के एसपी मयूर खंडेलवाल ने बताया कि कल शाम 6 बजे से ही करीब 3,000 से ज्यादा उपद्रवी दतिया शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे. उन्होंने जबरन बाजार बंद कराए और नेशनल हाईवे पर ‘चक्का जाम’ कर दिया.

इसके चलते हाईवे पर करीब 15 किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया, जिससे पड़ोसी जिलों की यातायात व्यवस्था भी चरमरा गई.एसपी और कलेक्टर ने प्रदर्शनकारियों से बार-बार जाम हटाने की अपील की, लेकिन वे नहीं माने. सुबह करीब 4 बजे उपद्रवियों ने अचानक पुलिस टीम पर पत्थरों से हमला कर दिया.

मयूर खंडेलवाल ने कहा, ‘माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, जिसके बाद पथराव और तेज हो गया. इस हमले में मुझे, एडिशनल एसपी और हमारे 6 से अधिक जवानों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इसके बाद पुलिस ने सख्ती बरतते हुए दोबारा आंसू गैस का इस्तेमाल किया और बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा. कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और बाकियों को सरेंडर करने की चेतावनी दी गई है.”

बीजेपी नेता का पुलिस पर आरोप

भाजपा के जिला मंत्री भानु सिंह ने आजतक से बात करते हुए कहा, ‘ हम लोग शांतिपूर्ण तरीके से भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से ये मांग कर रहे थे कि दतिया का जो टिकट हुआ है उसे वापस लिया जाए और नरोत्तम मिश्रा जी को टिकट दिया जाए. हम संवैधानिक तरीके से अपनी मांग रख रहे थे. हम लोगों ने पूरी रात रामधुन गाकर भारतीय जनता पार्टी से मांग करते हुए कहा कि टिकट नरोत्तम जी को दिया जाए लेकिन पुलिस प्रशासन, पुलिस अधीक्षक और दतिया कलेक्टर की बर्बरता देखिए कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को दफ्तर में कैद कर दिया. जब तक डॉ. नरोत्तम मिश्रा जी को टिकट नहीं मिलेगा तब तक हम लोग चक्का जाम करेंगे.’

क्यों नाराज हैं नरोत्तम मिश्रा के समर्थक?

दरअसल, बीजेपी ने शुक्रवार को दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए सीनियर नेता नरोत्तम मिश्रा का पत्ता काटते हुए आशुतोष तिवारी को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया. पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और उनके समर्थकों को पूरा भरोसा था कि टिकट उन्हें ही मिलेगा और उन्होंने नामांकन फॉर्म भी खरीद लिया था.

जैसे ही आशुतोष तिवारी के नाम का ऐलान हुआ, नरोत्तम मिश्रा के समर्थक सड़कों पर उतर आए. कुछ समर्थक शर्ट उतारकर सड़क पर लेट गए और ‘नरोत्तम दादा’ को टिकट न मिलने पर बीजेपी छोड़ने तक की धमकी देने लगे. हालांकि, टिकट मिलने के बाद आशुतोष तिवारी ने कहा कि नरोत्तम मिश्रा उनके अभिभावक हैं और उन्होंने उनके लिए चुनाव प्रचार करने की बात कही है.

क्यों हो रहा है दतिया में उपचुनाव? 

साल 2023 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेता राजेन्द्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से अधिक वोटों से हरा दिया था. लेकिन इसी साल (2026) अप्रैल में दिल्ली की एक अदालत ने राजेंद्र भारती को धोखाधड़ी के एक मामले में 3 साल की सजा सुना दी. सजा मिलने के कारण राजेंद्र भारती की विधायकी रद्द हो गई, जिसके चलते दतिया सीट खाली हो गई और यहां उपचुनाव हो रहा है. यहां 30 जुलाई को वोट डाले जाएंगे औऱ 3 अगस्त को नतीजे घोषित होंगे.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *