केतन अग्रवाल हत्याकांड: फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई, पीड़ित पिता से CM फडणवीस की मुलाकात

महाराष्ट्र के लोनावला ग्रामीण इलाके में केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में उनके पिता विशाल अग्रवाल ने पुणे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर बेटे के लिए न्याय की मांग की है. मुख्यमंत्री ने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का भरोसा दिया और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने के साथ-साथ सीनियर एडवोकेट उज्ज्वल निकम को विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करने की मांग भी तत्काल स्वीकार कर ली.

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ऑफिस से किए गए सोशल मीडिया पोस्ट में कहा गया, “लोनावला के ग्रामीण इलाके में केतन अग्रवाल की दुखद हत्या के मामले में केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने आज पुणे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की और अपने बेटे के लिए न्याय की मांग की. हम यह पक्का करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि इस मामले में दोषियों को सबसे कड़ी सज़ा मिले. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें भरोसा दिलाया कि परिवार को न्याय दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी.”
पोस्ट में आगे कहा गया है कि इस मामले में फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने और उज्ज्वल निकम को स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त करने की उनकी मांग को भी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तुरंत मान लिया और कानून एवं न्याय विभाग के सचिव को इस बारे में निर्देश जारी किए. सीनियर एडवोकेट उज्ज्वल निकम ने भी इस मामले में स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के तौर पर काम करने के लिए अपनी सहमति दे दी है.

क्या है पूरा मामला?
महाराष्ट्र के पुणे के 26 साल के कारोबारी केतन अग्रवाल की 18 जून 2026 को लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई थी. शुरुआत में इसे हादसा माना गया, लेकिन पुलिस जांच में मामला कथित हत्या की साजिश में बदल गया. 
केतन की सगाई सिया गोयल से हुई थी और दोनों की शादी नवंबर 2026 में होनी थी. पुलिस के मुताबिक, सिया गोयल का चेतन चौधरी से प्रेम संबंध था और दोनों ने परिवार की बदनामी से बचने के लिए भागने के बजाय केतन को रास्ते से हटाने की कथित साजिश रची. 

जांच में सामने आया कि 18 जून को सिया केतन को लोहागढ़ किले लेकर गई, जबकि चेतन पहले से वहां मौजूद था. पुलिस का दावा है कि सिया ने इशारा किया, जिसके बाद चेतन ने केतन को खाई में धक्का दे दिया. घटना के बाद इसे हादसा बताने की कोशिश की गई. 
पुलिस के मुताबिक, यह पहली कोशिश नहीं थी. इससे पहले भी दोनों ने कई बार केतन की हत्या की योजना बनाई थी. एक बार सिया ने कथित तौर पर केतन को खाई की ओर धक्का दिया, लेकिन वह झाड़ियों का सहारा लेकर बच गया. तब सिया ने ‘सांप से बचाने’ का बहाना बनाया था. एक अन्य प्रयास भी परिस्थितियों की वजह से नाकाम रहा. 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *