भरत तिवारी की तरह हाल कर देंगे’, पुलिस पर परिवार को धमकी देने के आरोप

भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद विवाद और गहरा गया है. मृतक के भाई चंदन तिवारी ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका परिवार शुरू से ही दावा करता रहा है कि भरत तिवारी को पांच गोलियां मारी गई थीं, लेकिन प्रशासन इस तथ्य को छिपाने की कोशिश करता रहा. उनका कहना है कि अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद सच्चाई उजागर हो गई है और ‘दूध का दूध, पानी का पानी’ हो गया है.

चंदन तिवारी ने कहा कि उनका परिवार किसी प्रकार का मुआवजा नहीं, बल्कि केवल न्याय चाहता है. उन्होंने मांग की कि मामले में जो भी दोषी पाए जाएं, उन्हें फांसी की सजा दी जाए. उनका कहना है कि यह केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लोगों की मांग है. उन्होंने न्यायिक जांच को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि परिवार लगातार किसी रिटायर्ड जज की जगह सिटिंग जज की निगरानी में जांच कराने की मांग कर रहा है ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके.

पुलिस दे रही धमकी

चंदन तिवारी ने यह भी आरोप लगाया कि आंदोलन समाप्त करने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से उन्हें धमकियां दी जा रही हैं. उनके मुताबिक कहा जा रहा है कि आंदोलन बंद कर दें, नहीं तो उनके साथ भी वही हो सकता है जो उनके भाई भरत तिवारी के साथ हुआ. हालांकि इन आरोपों पर पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.

परिवार से मिले गायक रितेश पांडेय

इधर भरत तिवारी के परिजनों से मिलने वालों का सिलसिला लगातार जारी है. शुक्रवार को भोजपुरी फिल्म जगत के चर्चित अभिनेता और गायक रितेश पांडेय भोजपुर के बिलौटी गांव पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. उन्होंने भरत तिवारी की मां आशा देवी, पिता, भाई और बहन से मिलकर न्याय की लड़ाई में हरसंभव साथ देने का भरोसा दिलाया.
मीडिया से बातचीत में रितेश पांडेय ने कहा कि उनके अनुसार यह केवल एक एनकाउंटर का मामला नहीं, बल्कि बेहद गंभीर घटना है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि भरत तिवारी समाज के गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों की आवाज उठाने वाले युवा थे और उनकी मौत से पूरे इलाके में गहरा दुख और आक्रोश है.

पुलिस की धमकी पर क्या बोले रितेश पांडेय

रितेश पांडेय ने बताया कि परिवार ने उन्हें सुरक्षा को लेकर अपनी चिंता और कथित धमकियों की जानकारी भी दी है. यदि परिवार के आरोप सही हैं तो सरकार को तुरंत संज्ञान लेकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि परिजनों की सबसे बड़ी मांग इस मामले की सीबीआई जांच है और सरकार को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए ताकि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच हो सके.

उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से सच्चाई सामने आएगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच ही लोगों का न्याय व्यवस्था पर भरोसा मजबूत करेगी और समाज के लिए काम करने वाले किसी भी व्यक्ति के साथ यदि अन्याय हुआ है तो उसे न्याय अवश्य मिलना चाहिए.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *