पटना के चर्चित ‘खान ग्लोबल स्टडीज इंस्टीट्यूट’ में हुई तोड़फोड़ और फायरिंग के मामले में एक नया और बेहद चौंकाने वाला मोड़ आ गया है. पिछले कुछ घंटों से चल रही खान सर (फैसल खान) के पटना सिविल कोर्ट में सरेंडर करने की खबरों का उनके कानूनी सलाहकार ने पूरी तरह खंडन कर दिया है. खान सर के वकील अधिवक्ता अरविंद कुमार ने साफ कर दिया है कि खान सर आत्मसमर्पण नहीं करने जा रहे हैं, बल्कि वे कानूनी तौर पर इस साजिश का मुकाबला करेंगे.
जब मीडिया ने फैसल खान के वकील अरविंद कुमार से पूछा कि क्या खान सर सरेंडर करने कोर्ट पहुंचे हैं, तो उन्होंने दोटूक जवाब देते हुए कहा, “खान सर कोर्ट क्यों पहुंचेंगे? फैसल खान सरेंडर नहीं करेंगे.”
उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस मामले में अदालत से अग्रिम जमानत की मांग करेंगे. खान सर के खिलाफ पटना के कदमकुआं पुलिस थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज हुई है.
सेल्फ डिफेंस में की फायरिंग
खान सर के वकील ने इस पूरी कानूनी कार्रवाई को एक सोची-समझी साजिश और प्रतिशोध का हिस्सा बताया है. उनके मुताबिक, 2 जून को खान सर के स्टाफ ने दूसरे कोचिंग संस्थान के निदेशक के खिलाफ एक मामला दर्ज कराया था. इसी कार्रवाई के बदले के रूप में और खान सर को बदनाम व प्रताड़ित करने के उद्देश्य से एफआईआर के डिस्क्लोजर स्टेटमेंट में उनका नाम जबरन जोड़ दिया गया है. यह पूरी तरह से उन्हें फंसाने की कोशिश है.
संस्थान में हुई फायरिंग के वीडियो पर सफाई देते हुए वकील ने कहा कि मंगलवार की रात जब प्रतिद्वंद्वी गुट ने कोचिंग सेंटर पर हमला और तोड़फोड़ की थी, तब वहां मौजूद गार्ड्स ने अपनी और संस्थान की सुरक्षा में हवा में गोलियां चलाई थीं. इस हवाई फायरिंग से किसी को भी कोई नुकसान या चोट नहीं पहुंची थी.
क्या है पूरा मामला
दरअसल, यह पूरा विवाद मंगलवार (2 जून) की रात को शुरू हुआ, जब 15-20 लोगों के एक अज्ञात समूह ने पटना स्थित खान सर के कोचिंग संस्थान ‘खान ग्लोबल स्टडीज इंस्टीट्यूट’ के परिसर पर हमला कर दिया. हमलावरों ने वहां जमकर तोड़फोड़ की और पथराव भी किया. घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कोचिंग के दो गार्ड कथित तौर पर हवाई फायरिंग करते नजर आ रहे थे. इस मामले में कार्रवाई करते हुए पटना पुलिस ने गुरुवार को दोनों गार्डों को हिरासत में ले लिया था
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय शर्मा ने शुक्रवार को आधिकारिक तौर पर पुष्टि की थी कि इस तोड़फोड़ और बवाल के मामले में शिक्षक फैसल खान (खान सर) को नामजद करते हुए एक एफआईआर दर्ज की गई है. एसएसपी ने साफ किया था कि इस मामले में खान सर से पुलिस द्वारा जल्द ही पूछताछ की जाएगी, हालांकि उन्होंने दर्ज की गई धाराओं का खुलासा नहीं किया था.
प्रतिद्वंद्वी संस्थानों पर आरोप
इस पूरी घटना के बाद पटना के कोचिंग जगत में भी खींचतान तेज हो गई थी. खान सर ने शुरुआत में आरोप लगाया था कि इस फायरिंग और तोड़फोड़ के पीछे उनके प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान के लोगों का हाथ है. इसके उलट, प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान के सदस्यों ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर दावा किया कि खान सर ने खुद पब्लिसिटी या अन्य कारणों से इस पूरी घटना को प्रायोजित करवाया था.
![]()