दूल्हे को गोलियों से भूनने वाला 1 लाख का इनामी रवि यादव एनकाउंटर में ढेर, हाईवे पर फिल्मी अंदाज में की थी हत्या

जौनपुर में शादी के लिए फूलों से सजी कार में जा रहे दूल्हे आजाद बिंद की हाईवे पर गोलियों से हत्या करने के आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी रवि यादव को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया. हालांकि इस चर्चित हत्याकांड के दो आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है. इस मुठभेड़ में खेतासराय थाने के इंस्पेक्टर के.के. सिंह भी घायल हो गए. उनके हाथ में गोली लगी है, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी. 

1 मई की शाम जौनपुर के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़अउर गांव में शादी का माहौल था. घर में ढोल-नगाड़े बज रहे थे. रिश्तेदार और बाराती खुशी में डूबे थे. दूल्हा आजाद बिंद फूलों से सजी कार में बैठकर बारात लेकर निकला था. आजाद की शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी सोनी बिंद से तय हुई थी. घर से करीब 10 किलोमीटर दूर दुल्हन का गांव था. परिवार और गांव वालों को क्या पता था कि यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा. बारात जैसे ही घर से करीब पांच किलोमीटर दूर हाईवे पर पहुंची, पहले से घात लगाए बदमाशों ने हमला कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सबकुछ कुछ सेकंड में हुआ. बाइक सवार बदमाश अचानक कार के पास पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. पहली गोली कार की विंडशील्ड को चीरते हुए सीधे आजाद के सीने में जा धंसी. इसके बाद दूसरी तरफ से भी फायर हुआ और एक गोली उसके जबड़े में लगी.

कार के अंदर ही बिखर गया दूल्हे का सपना

फूलों से सजी कार कुछ ही सेकंड में खून से लाल हो गई. बारात में शामिल लोग चीखते-चिल्लाते रह गए. किसी को समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है. गोली लगते ही आजाद कार की सीट पर गिर पड़ा. परिवार वाले और रिश्तेदार उसे बचाने के लिए दौड़े. आनन-फानन में उसे पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया. वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जिस घर से कुछ देर पहले शहनाई की आवाज निकल रही थी, वहां अचानक मातम पसर गया. दूल्हे की हत्या की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.

शादी से नाराज था रिश्तेदार, धमकी भी दी थी

पुलिस जांच में सामने आया कि इस वारदात के पीछे शादी को लेकर पुरानी रंजिश थी. पुलिस के अनुसार लड़की का रिश्तेदार प्रदीप बिंद इस शादी से नाराज था. आरोप है कि उसने अपने साथियों रवि यादव और भोले राजभर के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. जांच में यह भी सामने आया कि शादी से पहले आजाद को धमकी दी गई थी कि वह शादी न करे. हालांकि परिवार ने उस धमकी को गंभीरता से नहीं लिया. हत्या के बाद पुलिस ने प्रदीप बिंद, रवि यादव और भोले राजभर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया. 

तीनों पर घोषित हुआ था 1-1 लाख का इनाम

हत्या के बाद पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गईं. जगह-जगह दबिश दी गई, लेकिन आरोपी लगातार फरार चल रहे थे. बाद में पुलिस ने तीनों आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया. पुलिस को सूचना मिल रही थी कि आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहे हैं और आसपास के जिलों में छिपे हुए हैं. रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात खेतासराय थाना क्षेत्र में पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी. पुलिस टीम गोरारी इलाके के पास मौजूद थी, तभी बाइक पर दो संदिग्ध लोग आते दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक मोड़कर निर्माणाधीन बाईपास की तरफ भागने लगे. इंस्पेक्टर के.के. सिंह के मुताबिक भागते समय बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. अचानक चली गोलियों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की. इसी दौरान इंस्पेक्टर के.के. सिंह के बाएं हाथ में गोली लग गई. एक अन्य पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी. पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल होकर गिर पड़ा, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला.

अस्पताल पहुंचते ही हुई मौत

घायल बदमाश को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बाद में उसकी पहचान रवि यादव के रूप में हुई, जो आजाद बिंद हत्याकांड में नामजद आरोपी और एक लाख रुपये का इनामी बदमाश था. रवि यादव की मौत के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली, लेकिन केस अब भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद और भोले राजभर अभी भी फरार बताए जा रहे हैं. दोनों पर भी एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित है.

हाईवे पर दूल्हे की हत्या ने हिला दिया था प्रदेश

इस हत्याकांड ने सिर्फ जौनपुर ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश को झकझोर दिया था. आमतौर पर लोग शादी वाले दिन खुशियों और जश्न की कल्पना करते हैं, लेकिन यहां दूल्हे की कार पर गोलियां बरसा दी गईं. सोशल मीडिया पर भी इस घटना की खूब चर्चा हुई थी. लोग सवाल उठा रहे थे कि आखिर अपराधियों में पुलिस का खौफ क्यों नहीं बचा. अब एनकाउंटर के बाद पुलिस इसे बड़ी सफलता मान रही है. अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

परिवार अब भी सदमे में

आजाद बिंद के परिवार के लिए यह घटना अब भी किसी बुरे सपने जैसी है. जिस बेटे को दूल्हा बनाकर विदा किया जा रहा था, उसकी लाश घर लौटी. गांव में आज भी लोग उस रात को याद कर सिहर उठते हैं. परिवार वालों का कहना है कि उन्हें इंसाफ चाहिए और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही उन्हें सुकून मिलेगा. फिलहाल पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस पूरे हत्याकांड का अंतिम अध्याय भी सामने होगा.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *